हिमाचल: बर्फबारी से 172 सड़कें और 42 ट्रांसफार्मर अभी भी ठप, जानें 19 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के सभी भागों में 16 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। वहीं, प्रदेश में बर्फबारी का दौर थमने के कई दिनों बाद भी शनिवार शाम तक 172 सड़कें और 42 बिजली ट्रांसफार्मर प्रदेश के कई क्षेत्रों में ठप रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर थमने के कई दिनों बाद भी शनिवार शाम तक 172 सड़कें और 42 बिजली ट्रांसफार्मर प्रदेश के कई क्षेत्रों में ठप रहे। लाहौल-स्पीति जिले में सबसे अधिक 129 सड़कें अभी भी बंद हैं। मंडी जिले में 14, शिमला नौ, कुल्लू 15 और चंबा जिले में पांच सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद है। चंबा जिला में बिजली ट्रांसफार्मर बंद होने से कई गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। प्रदेश में शनिवार शाम तक 52 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित रहीं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के सभी भागों में 16 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से सोमवार से मौसम में बदलाव आने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 से 19 जनवरी तक प्रदेश के कई भागों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मैदानी जिलों में रविवार और सोमवार को सुबह और शाम घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। धूम खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में सामान्य से ती डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई। शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शिमला में यह 3.8, मनाली में माइनस 0.2 और मंडी में 3.2 और धर्मशाला में 4.2 डिग्री सेल्सियस किया गया।
जलोड़ी-जोत में यातायात ठप, कुल्लू मुख्यालय का संपर्क कटा
जलोड़ी-जोत पर करीब पांच फीट बर्फबारी के बाद अभी तक एनएच प्राधिकरण की ओर से सड़क बहाल नहीं की जा सकी है। ऐसे में हजारों लोगों का कुल्लू मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है और आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, आनी से जलोड़ी-जोत तक सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दी गई है, लेकिन एनएच 305 के बंजार सबडिवीजन की तरफ अभी करीब पांच किलोमीटर सड़क पर भारी बर्फ जमी है, जिसे एनएच अथॉरिटी की ओर से अभी तक नहीं हटाया जा सका है, लिहाजा आनी क्षेत्र के लोग अपने जिला मुख्यालय के लिए जोखिम भरा पांच किलोमीटर का पैदल सफर करने को मजबूर है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है कि बर्फबारी हटाने में बंजार सब डिवीजन रुचि नहीं दिखाता है। अकसर बर्फबारी के बाद बंजार सब डिवीजन की ओर से सड़क बहाली का कार्य कछुआ गति से ही शुरू होता है, जिसका खामियाजा आनी विस क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ता है। हिम संस्कृति संस्था के अध्यक्ष शिवराज शर्मा सहित क्षेत्र के अन्य लोगों ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण से जल्द से जल्द सड़क बहाली की मांग उठाई है। इस बारे में आनी सब डिवीजन के एसडीओ धनसिंह शर्मा का कहना है कि शनिवार को आनी से जलोड़ी-जोत तक सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दी गई है। सड़क बहाली का कार्य जारी है।