फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Chamba News ›   Himachal Weather: snowfall and rainfall in state, board exams postponed in Lahaul-Pangi

Himachal Weather: फिर बिगड़ा माैसम, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, लाहाैल-पांगी में बोर्ड परीक्षाएं स्थगित

Mon, 03 Mar 2025 05:16 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Mon, 03 Mar 2025 05:16 PM IST
सार

ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार सुबह से रोहतांग सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी जारी है।  अन्य कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है।

विज्ञापन
Himachal Weather: snowfall and rainfall in state, board exams postponed in Lahaul-Pangi
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, धर्मशाला में बारिश। - फोटो : संवाद

विस्तार

हिमाचल प्रदेश में दो दिन साफ रहने के बाद माैसम फिर बिगड़ गया है। ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार सुबह से रोहतांग सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी जारी है। अन्य कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है। राजधानी शिमला में भी माैसम खराब बना हुआ है। भारी बारिश और बर्फबारी से जिला चंबा के पांगी व जिला लाहौल-स्पीति में सड़कों व रास्तों को भारी क्षति पहुंची है। इसको देखते हुए  छात्रहित को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इन क्षेत्रों में आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन



स्थगित की गईं परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा बोर्ड द्वारा अलग से की जाएगी। प्रदेश के शेष भागों में परीक्षाओं का आयोजन बोर्ड की ओर से जारी तिथियों के अनुसार यथावत रहेगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डाॅ. मेजर विशाल शर्मा की ओर से अधिसूचना जारी की गई।  सूबे में अभी भी 200 से अधिक सड़कें बंद हैं, जबकि कुल्लू और लाहाैल में करीब 800 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप हैं।
विज्ञापन






 

कारदंग के ग्रामीणों ने बर्फबारी के बीच बहाल किया रास्ता
 जिला लाहौल-स्पीति और कुल्लू में  एक बार फिर मौसम बिगड़ गया है। सोमवार सुबह रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों, लाहाैल के रिहायशी क्षेत्रों में हिमपात का दाैर शुरू हुआ। जबकि कुल्लू में बारिश दर्ज की गई है। कारदंग गांव के ग्रामीणों ने बर्फबारी के बीच रास्ता बहाल किया। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में अभी 800 बिजली के ट्रांसफार्मर बहाल नहीं हुए हैं। लाहाैल में 164 सड़कें बंद हैं।

लाहौल में चार जगह हिमखंड गिरे
रविवार को लाहौल में चार जगह हिमखंड गिरे। केलांग में मूलिंग के पास हिमखंड गिरकर चंद्रभागा नदी तक पहुंच गया, जिससे नदी का बहाव रुक गया। सोमवार को नदी के तेज बहाव में एक पुलिया बह गई।  अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के समीप यदलिंग नाले में हिमखंड गिरा, जिसकी चपेट में दो फूड वैन और एक ढाबा आ गया। गयु में गिरे हिमखंड की चपेट में आने से आईटीबीपी कैंप बच गया। हिमखंड पोस्ट से 200 मीटर दूर रुक गया। एक और हिमखंड गिरकर उदयपुर-किलाड़ सड़क पर आ गया। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के चलते लाहौल में बिजली और सड़कें अभी बहाल नहीं हुई हैं। जिले में चार दिन से बिजली और मोबाइल नेटवर्क प्रभावित है। स्पीति घाटी में भी यही हाल है। स्थानीय प्रशासन ने हिमखंड गिरने के संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है। उधर, सिरमाैर के चूड़धार में छह दिन से लापता पंचकूला के युवक का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ और पुलिस तलाश में जुटी है।

विज्ञापन

ट्रैकिंग पर गए जयपुर मेडिकल कॉलेज के पांच प्रशिक्षु डॉक्टरों का परिजनों से कटा संपर्क 
 स्पीति में ट्रैकिंग पर गए जयपुर मेडिकल कॉलेज के पांच प्रशिक्षु डॉक्टरों का परिजनों से संपर्क कट गया। परिजनों ने बताया कि पिछले तीन दिन से ट्रैकिंग पर गए रेजिडेंट डॉक्टरों डाॅ. रशा एम (30), डॉ. अक्षय एम बास्टियन (31), डॉ. केविन जॉर्ज (28), डॉ. एल्विन जॉर्ज (29) और डाॅ. विवेक जोशी (28) से संपर्क नहीं हो रहा है। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि रेस्क्यू टीम का गठन कर काजा प्रशासन से बात कर ट्रैकिंग पर गए डॉक्टरों का पता लगाने के निर्देश दिए।

हेलीकॉप्टर से मंडी पहुंची बड़ा भंगाल की बीमार महिला
 जिला कांगड़ा की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल में बीमार चल रही महिला निर्मला को सोमवार को हेलीकॉप्टर से मंडी पहुंचा दिया गया। पेट की बीमारी से पीड़ित महिला को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज को रेफर किया जा रहा है। महिला पिछले सप्ताह से बीमार थी और मौसम के अनुकूल नहीं होने पर उसे एयर लिफ्ट नहीं किया जा सका था। महिला को पैदल रास्ते से लाने के लिए बड़ा भंगाल गया बचाव दल भी खराब मौसम के कारण फंस गया था। सोमवार को मौसम के अनुकूल होने पर महिला को एयर लिफ्ट किया जा सका है। एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने बताया कि महिला को एयर लिफ्ट किया गया है और उसका उपचार चल रहा है।

कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 6.2, सुंदरगनर 8.2, भुंतर 5.0, कल्पा -2.1, धर्मशाला 4.2, ऊना 6.7, नाहन 10.5, केलांग -10.2, पालमपुर 6.0, सोलन 5.0, मनाली 1.6, कांगड़ा 9.6, मंडी 8.7, बिलासपुर 9.3, चंबा 9.9, डलहाैजी 6.3, कुकुमसेरी -9.8, भरमाैर 5.0, सेऊबाग 4.0, बरठीं 8.3, पांवटा साहिब 12.0 व  सराहन में 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

बारिश के चलते बीच में रोकनी पड़ी कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा
धर्मशाला में बारिश के साथ अंधड़ चला। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। खराब मौसम के कारण पुलिस कांस्टेबल की शारीरिक दक्षता परीक्षा बीच में रोकनी पड़ी। पुलिस मैदान धर्मशाला में पुलिस कांस्टेबल की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। 

इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज चंबा, कांगड़ा और लाहाैल-स्पीति जिले के लिए भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुल्लू के लिए येलो अलर्ट है। सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर व ऊना जिले के लिए ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। बाकि जिलों में अंधड़ चलने का अलर्ट है। 4 मार्च को भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 5 मार्च से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। 3 मार्च को मैदानी-निचले पहाड़ी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर ठंडा दिन रहने की संभावना है। वहीं अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। उसके बाद अगले 3-4 दिनों के लिए अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 5-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

पर्यटक स्थल छितकुल में चार दिनों से फंसे सैलानियों को सुरक्षित निकाला
जिला किन्नौर के पर्यटक स्थल छितकुल में पिछले चार दिनों से कई पर्यटक तीन फुट बर्फबारी के बीच फंसे हुए थे। सोमवार को इन पर्यटकों को स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। सभी पर्यटक पिछले चार दिनों से निजी हाटलों में रहे रहे थे। बर्फबारी देखने के लिए किन्नौर जिले के पर्यटकों रूझान बढ़ रहा है। जिले में साेमवार को भी खराब मौसम में भी बीआरओ सड़क बहाल करने में जुटा रहा। वहीं सड़क बहाल होने न लोगों ने बीआरओ और प्रशासन का आभार प्रकट किया। 

मनाली में बर्फ के फाहे गिरते देख झूमे पर्यटक 
मनाली में दो दिन मौसम साफ रहने के बाद फिर बर्फबारी शुरू हो गई है। सोमवार दोपहर को मनाली में बर्फबारी हुई तो पर्यटक झूम उठे। पर्यटकों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। हिडिंबा मंदिर में पहुंचे पर्यटकों ने फोटो खिंचवाएं और सेल्फियां लीं। प्रशासन ने सभी से सावधानी बरतने की अपील की है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed