पहाड़ों में हल्का हिमपात, मैदानों में बरसे बादल, दो दिन भारी बारिश की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
येलो अलर्ट के बीच प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार बादल बरसे। रोहतांग सहित कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात भी हुआ। सोमवार रात से मंगलवार दोपहर बाद तक बारिश जारी रही। हमीरपुर में अंधड़ से मक्की की फसल को नुकसान हुआ है। 24 और 25 जुलाई को प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और अंधड़ की चेतावनी है। पूरे प्रदेश में 27 तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई है।
राजधानी शिमला में सोमवार रात को शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह भी जारी रही। रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर हुए हिमपात से प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों के मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मैदानी जिलों के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। जिला कुल्लू में बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। किसानों-बागवानों ने बारिश से खुशी जताई है। बारिश से सेब का आकार अच्छा बनने तथा सेब में रंग भी बेहतर आने की संभावना है। जिला सिरमौर के अधिकांश क्षेत्रों में बादल जमकर बरसे। कई जगह बारिश के बाद मलबा व पत्थर सड़कों पर गिरे। हमीरपुर जिला में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन बारिश और अंधड़ ने मक्की की फसल तबाह कर दी।
सात से आठ डिग्री गिरा अधिकतम तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान सात से आठ डिग्री कम हो गया। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 31.0, सोलन में 30.0, कांगड़ा-चंबा में 25.7, धर्मशाला में 25.2, बिलासपुर में 25.0, हमीरपुर में 24.8, नाहन में 24.0, शिमला में 17.7, डलहौजी में 16.4 और केलांग में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।