Himachal Weather: हिमाचल के कई जिलों में झमाझम बारिश, चोटियों पर बर्फबारी, जानें माैसम पूर्वानुमान
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश जारी है। वहीं चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
माैसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश जारी है। वहीं चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में ताजा बर्फबारी के बीच हाईवे तीन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। धर्मशाला में शुक्रवार सुबह मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने से लोगों को अप्रैल में ही तपन महसूस होने लगी थी। शिमला में भी सुबह 10:30 बजे से बारिश का दाैर शुरू हुआ। हमीरपुर में मौसम के मिजाज बदलने से तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली। बारिश के साथ हवाएं भी कभी तेज, कभी मध्यम गति से चलती चलती रहीं।
उधर, चंबा जिले में भी बारिश हुई है। जनजातीय क्षेत्र पांगी में ठंड पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गई है। बारिश होने से जिले के किसानों-बागवनों ने राहत की सांस ली है। किसानों में हाकम चंद, नरेश कुमार, प्रताप चंद, सुरेश कुमार, दिलीप कुमार, मुकेश और जगदीश चंद ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए बारिश आवश्यक थी। कांगडृा के मैंझा-पालमपुर संपर्क सड़क पर लोअर मैंझा में सुबह हुई तेज बारिश और अंधड़ के कारण कार प चीड़ का पेड़ गिर गया। कार में सवार चालक को हल्की चोटें आई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 11 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में कई स्थानों पर और किन्नौर, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा के ऊंचे इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी के आसार हैं। 12 अप्रैल को लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और कांगड़ा में कुछ स्थानों, जबकि सोलन और सिरमौर में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। आज चंबा मंडी, कुल्लू, कांगड़ा व शिमला जिले में आज अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट भी जारी हुआ है। साथ ही राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। 13 अप्रैल से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं।
तापमान गिरेगा
अगले 48 घंटों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। उसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दाैरान गोहर में 19.0, पंडोह 14.0, पांवटा साहिब 13.6, करसोग 13.1, मंडी 8.0, सांगला 7.4, कांगड़ा 7.2, गुलेर 5.6, जोत 5.0 व बग्गी में 4.7 मिलीमीटर बारिश हुई।
जोगिंद्रनगर में बारिश के साथ चलीं तेज हवाएं, दिन में छाया अंधेरा
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में शुक्रवार सुबह आसमान में काले बादल छा गए। बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। काले बादलों के बीच दिन में अंधेरा छा गया। इससे मंडी-पठानकोट हाईवे पर गुजर रहे वाहनों को हेड लाइट का सहारा लेना पड़ा। तेज बारिश से मेले के आयोजनों में भी खलल रहा। मेला मैदान में बारिश का पानी आने से कारोबारियों को परेशानी उठानी पड़ी। सुबह करीब नाै से दस बजे तक तेज बारिश से मंडी पठानकोट हाईवे पर जलभराव की स्थिति बन गई।
चोटियों में हिमपात, निचले इलाकों में बारिश से किसानों को राहत
शुक्रवार को भी लाहौल की ऊंची चोटियों में ताजा हिमपात हो रहा है। रोहतांग दर्रा के साथ सेवन सिस्टर पीक, बारालाचा सहित ऊंची चोटियों में रुक-रुककर फाहे गिर रहे हैं। जिसे लाहौल के साथ कुल्लू में तापामन गिर गया है। जबकि निचले इलाकों में बारिश से किसान-बागवानों को राहत मिली है। कुल्लू में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं जिला के बागवानों को ओलावृष्टि का डर सता रहा है। फ्लावरिंग के दौर होने से ओलावृष्टि किसान-बागवानों की उम्मीदों पर पानी फेर सकता है।
शिमला में मूसलाधार बारिश, लोअर बाजार की कई दुकानों में घुसा पानी
शिमला में शुक्रवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से कई दुकानों में पानी घुस गया। लोअर बाजार की कई दुकानों में पानी घुसने से सामान खराब हो गया। वहीं कारोबारी बोले कि बंद पड़ी नालियों को लेकर कई बार कर नगर निगम से शिकायत कर चुके, लेकिन करवाई नहीं हुई। शुक्रवार सुबह हुई बारिश से सड़कों और सीढ़ियों का पानी दुकानों में घुस गया। इससे कारोबारियों को परेशानी झेलनी पड़ी ।
कहां कितनी बारिश
शिमला में न्यूनतम तापमान 12.5, सुंदरनगर 13.3, भुंतर 9.6, कल्पा 3.6, ऊना 15.5, नाहन 15.1, केलांग 2.0, पालमपुर 14.0, सोलन 12.0, मनाली 9.1, कांगड़ा 16.0, मंडी 14.6, बिलासपुर 16.4, कुफरी 9.9, कुकुमसेरी 2.9, नारकंडा 5.6, रिकांगपिओ 6.8, सेऊबाग 8.0, भरमाैर 10.4, बरठीं 15.4, कसाैली 17.1, पांवटा साहिब 20.0, सराहन 11.1, ताबो 2.0 व बजाैरा में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां कितना रहा अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
ऊना 38.2
बिलासपुर 35.3
कांगड़ा 35.0
सुंदरनगर 34.2
बरठीं 34.0
धौलाकुआं 33.5
भुंतर 33.4
नाहन 32.9
मंडी 32.4
सोलन 31.0
धर्मशाला 30.2
शिमला 25.0
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.