Himachal Weather: भारी बारिश से शिमला में जगह-जगह गिरे पेड़, खलीनी में भवन को खतरा, जानें मौसम पूर्वानुमान
प्रदेश के कई भागों में बारिश का कहर लगातार जारी है। राजधानी शिमला में मंगलवार रात हुई बारिश से भारी नुकसान हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश का कहर लगातार जारी है। राजधानी में जारी बारिश से शहर के कई वार्डों में भारी नुकसान हुआ है। शहर के समरहिल और छोटा शिमला में तीन पेड़ गिर गए हैं तो कई जगह भूस्खलन हुआ है। पिछले 48 घंटों के दौरान शहर में 11 पेड़ गिर चुके हैं। समरहिल में तीन, अनाडेल एक, कुसुम्पटी एक, बीसीएस एक, और छोटा शिमला के मंजिठा हाउस के पास एक पेड़ गिरा। इसके अलावा, टॉलैड़, कनलोग चौड़ा मैदान और लक्कड़ बाजार में भी एक-एक पेड़ गिरा। छोटा शिमला में सूचना एंव जनसंपर्क निदेशालय के भवन पर देर रात देवदार का बड़ा पेड़ गिर गया। इससे भवन को भारी नुकसान पहुंचा है। भवन की छत टूट गई है और दीवारों पर भी हल्की दरारें पड़ गई हैं।
शहर के खलीनी वार्ड के मिस्ट चैंबर क्षेत्र में एक भवन की नींव पर लगा डंगा दरक गया है। पार्षद चमन प्रकाश के अनुसार देर रात बारिश के कारण वन विभाग की आवासीय कॉलोनी का यह डंगा टूट गया। इसके पत्थर लोअर खलीनी सड़क पर गिर गए। डंगा दरकने से एक भवन की नींव खाली हो गई है। इसे खतरा पैदा हो गया है। पार्षद ने बुधवार सुबह खुद सड़क से पत्थर हटाकर इसे बहाल किया। समरहिल में भी दो पेड़ गिरने से सुबह आवाजाही ठप रही। टीचर्स कॉलोनी के साथ शिवालिक हाउस के पास एक पेड़ ढह गया। इसी तरह समरहिल पुलिस चौकी के सामने भी एक पेड़ गिर गया। पार्षद वीरेंद्र ठाकुर के अनुसार दोनों जगह पेड़ों को कटवा दिया गया है। सड़कें बहाल कर दी गई हैं।
बारिश से टेढ़े हो गए पेड़, घरों पर गिरने का खतरा
शहर के कई वार्डाें में बारिश के कारण कई हरे पेड़ टेढ़े हो गए हैं। ये कभी भी ढह सकते हैं। इससे लोग दहशत में हैं। नगर निगम से इन्हें काटने की मंजूरी नहीं मिल रही है। ऐसे में लोग अब एसडीएम के पास दौड़ लगा रहे हैं। समरहिल वार्ड में कई पेड़ घरों पर खतरा बनकर मंडरा रहा हैं। पार्षद वीरेंद्र ठाकुर के अनुसार एवरेस्ट कॉलोनी में एक हरा पेड़ टेढ़ा हो गया है। यह कभी भी गिर सकता है। इसे कटवाने के लिए एसडीएम के पास आवेदन किया गया है। वहीं, कई लोग बुधवार को टाउनहॉल भी पहुंचे और खतरनाक पेड़ काटने को लेकर मेयर-डिप्टी मेयर से आवेदन किया।
3 सितंबर तक मौसम खराब
वहीं, हरिपुरधार से कुछ किलोमीटर दूर बियोंग के पास रात को भूस्खलन हो गया। इससे रोनहाट-हरिपुरधार-सोलन मार्ग बाधित हो गया। खड़ामुख-होली मार्ग एक बार फिर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। बुधवार अल सुबह करीब चार बजे भारी भूस्खलन हुआ। इस दौरान सड़क धंसने से कंपनी का टिपर फंस गया। चालक ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। विभागीय टीम की ओर से टिपर को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कई भागों में 3 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 29 अगस्त के लिए कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 15.6, सुंदरनगर 22.0, भुंतर 19.5, कल्पा 13.0, धर्मशाला 19.4, ऊना 22.3, नाहन 23.9, केलांग 10.6, पालमपुर 18.5, सोलन 19.0, मनाली 15.7, कांगड़ा 21.5, मंडी 20.5, बिलासपुर 23.8, हमीरपुर 23.4, चंबा 22.3, डलहौजी 13.9, रिकांगपिओ 16.3, धौलाकुआं 25.0, कसौली 18.0, पांवटा साहिब 26.0 व सैंज में 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार रात को मनाली में 42.0, नारकंडा 41.5, कुफरी 39.6, जुब्बड़हट्टी 39.0, खदराला 36.4, राजगढ़ 29.2, शिमला 36.2, कसौली 22.6 और सराहन में 22.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान
शिमला में अधिकतम तापमान 22.4, सुंदरनगर 32.6, भुंतर 32.5, ऊना 35.4, नाहन 28.8, केलांग 19.3, सोलन 28.5, मनाली 23.9, कांगड़ा 31.8, मंडी 31.0, बिलासपुर 34.1, हमीरपुर 32.2, चंबा 31.3, कुफरी 20.1, धौलाकुआं 33.7, बरठीं 32.4, बजौरा 33.1 व नेरी में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।