Himachal Weather: हिमाचल के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, ओलावृष्टि और अंधड़ का भी अलर्ट
प्रदेश के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कई भागों में ओलावृष्टि व अंधड़ का अलर्ट भी जारी किया गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कई भागों में ओलावृष्टि व अंधड़ का अलर्ट भी जारी किया गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 मार्च को लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर सहित मंडी और कुल्लू जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 27 मार्च लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, मंडी, कुल्लू में कुछ स्थानों पर तथा शिमला, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी जिले में अलग-अलग स्थानों पर गरज के बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शिमला में भी आज हल्के बादल छाए हुए हैं।
इस दिन से साफ रहेगा माैसम
28 मार्च से 1 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। अगले दो दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। उसके बाद 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में 13.6, सुंदरनगर 13.1, भुंतर 13.1, कल्पा 5.2, ऊना 12.5, नाहन 14.1, केलांग 0.8, पालमपुर 14.0, सोलन 11.0, मनाली 11.4, कांगड़ा 15.4, मंडी 14.7, बिलासपुर 12.6, चंबा 13.4, जुब्बड़हट्टी 14.9, कुफरी 8.3, कुकुमसेरी 1.1, भरमाैर 11.9, बरठीं 12.0, पांवटा साहिब 17.0 व सराहन में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
सात जगह पारा 30 डिग्री पार
वहीं प्रदेश के मैदानी व निचले क्षेत्रों में गर्मी पसीने छुड़ाने लगी है। मंगलवार को सात जगह अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार पहुंच गया। मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, सुंदरनगर, कांगड़ा, मंडी, धौलाकुआं और बिलासपुर के बरठीं में पारा चढ़ने से दिन के समय पसीने छूटना शुरू हो गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों के पारे में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। ऊना में अधिकतम तापमान 34.0, बिलासपुर 32.6, सुंदरनगर 31.3, धौलाकुआं 31.1, बरठीं 30.7, कांगड़ा 30.4, सोलन 30.1, नाहन 28.5, चंबा 27.7, धर्मशाला 27.2, शिमला 22.4 व मनाली में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।