फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Himachal ULB Elections: Polling to be held tomorrow; polling parties have departed, 1,147 candidates in the fr

हिमाचल शहरी निकाय चुनाव: कल होगा मतदान, पोलिंग पार्टियां हुईं रवाना, 1147 प्रत्याशी मैदान में

Sat, 16 May 2026 01:19 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Sat, 16 May 2026 01:19 PM IST
सार

 हिमाचल में चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के लिए 17 मई को सुबह 7:00 से शाम 3:00 बजे तक ईवीएम का बटन दबाकर मतदान होगा।

विज्ञापन
Himachal ULB Elections: Polling to be held tomorrow; polling parties have departed, 1,147 candidates in the fr
शहरी निकाय चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार शाम को प्रचार थम गया। प्रचार के अंतिम दिन धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन में नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस-भाजपा के बड़े नेताओं समेत चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने खूब पसीना बहाया।  हिमाचल में चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के लिए 17 मई को सुबह 7:00 से शाम 3:00 बजे तक ईवीएम का बटन दबाकर मतदान होगा। विधानसभा का सेमीफाइनल माने जा रहे इस चुनाव में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के नतीजे मतदान के दिन ही शाम को आ जाएंगे। नगर निगम के परिणाम 31 मई को आएंगे। मतदान के लिए 589 केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने पोलिंग पार्टियों को आखिरी प्रशिक्षण देकर ईवीएम के साथ रवाना कर दिया है। 

विज्ञापन

विज्ञापन

3,60,859 कुल मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे

शहरी निकायों में 3,60,859 कुल मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।  नगर निकाय चुनाव में कांगड़ा में सबसे अधिक 218 उम्मीदवार मैदान में हैं। मंडी में 180, शिमला में 123, सोलन में 121 और ऊना में 118 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, सिरमौर में 84 और कुल्लू में 100 उम्मीदवार मैदान में हैं।

धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना

नगर निगम धर्मशाला के चुनाव के लिए शनिवार को पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हो गईं। नगर निगम के कुल 17 वार्डों के लिए प्रशासन की ओर से प्रत्येक वार्ड में दो-दो पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। पोलिंग पार्टियों को धर्मशाला कॉलेज में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम से एचआरटीसी की बसों के माध्यम से रवाना किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। चुनावों को लेकर कर्मचारियों और अधिकारियों में उत्साह देखने को मिला।

विज्ञापन

मंडी में 60 हजार मतदाता करेंगे 180 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला,

शहरी निकायों को लेकर रविवार 17 मई को होने वाले मतदान को लेकर मंडी जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी पोलिंग पार्टियों ने अपने-अपने बूथ संभाल लिए हैं। मंडी जिले के सात शहरी निकायों के 61 वार्डों के लिए मतदान होगा। इनमें 180 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं जिनकी किस्मत का फैसला कल लगभग 60 हजार मतदाता करेंगे। इन शहरी निकायों में नगर निगम मंडी, नगर परिषद सुंदरनगर, नेरचौक, जोगिंद्रनगर, सरकाघाट, नगर पंचायत रिवालसर और करसोग शामिल हैं। रिवालसर और करसोग में दो वार्ड निर्विरोध चुने गए हैं जबकि नगर निगम मंडी और नगर पंचायत करसोग में विरोध स्वरूप दो वार्डों से कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं है। इसलिए यहां  मतदान नहीं होगा। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि जिला भर में इन चुनावों को ईवीएम के माध्यम से करवाया जा रहा है। 61 वार्डों को 20 सेक्टर में बांटा गया है और सेक्टर ऑफिसर पूरे दलबल के साथ तैनात किए गए हैं। मतदान की प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए 91 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सबसे ज्यादा 36 मतदान केंद्र नगर निगम मंडी में हैं।  सभी नगर निकायों में लगभग 60 हजार मतदाता हैं। सबसे ज्यादा मतदाता नगर निगम मंडी में हैं, जिनकी संख्या 31,200 है। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि नगर निगम मंडी को छोड़कर बाकी सभी छह शहरी निकायों में मतदान के तुरंत बाद मतगणना करके परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे जबकि नगर निगम की मतगणना 31 मई को होगी। 

नगर परिषद नाहन व पांवटा साहित नगर पंचायत राजगढ़ में 33 वार्डाें के लिए होगा मतदान

जिला सिरमौर के तीन नगर निकायों नगर परिषद नाहन एवं पांवटा साहिब और नगर पंचायत राजगढ़ में कुल 33 वार्डाें के लिए रविवार को मतदान होगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने बताया कि तीनों शहरों में प्रात: 7 से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मत का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि 3:00 बजे के बाद मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाताओं का मतदान नहीं हो पाएगा। ऐसे में समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि गर्मी से बचने के लिए सभी केंद्रों में व्यवस्था की जाएगी। इन तीनों क्षेत्रों में रविवार को अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में कामगारों को पेड अवकाश प्रदान किया जाएगा।

नगर निगम सोलन में 14 पोलिंग स्टेशनों को संभालेंगी महिलाएं

 नगर निगम सोलन के मतदान के लिए शनिवार दोपहर सभी पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गईं। नगर निगम सोलन में कुल 17 वार्ड हैं, जिसमें कुल 38 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसके लिए सभी 38 पोलिंग पार्टियों को पोलिंग स्टेशनों के लिए आवश्यक सामान लेकर रवाना कर दिया गया है। इस बार 38 पोलिंग बूथों में से 14 का जिम्मा केवल महिला कर्मचारी उठाएंगी। वहीं सात पोलिंग स्टेशन संवेदनशील हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 76 पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि नगर निगम सोलन के कल  होने वाले मतदान के लिए सभी पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। आज देर शाम तक पोलिंग बूथों को स्थापित कर कल चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी । उपायुक्त ने बताया कि जिन अधिवक्ताओं ने अभी बार काउंसिल के चुनाव में मतदान किया गया है, वह अपना पहचान पत्र दिखा कर इन चुनाव में भी मतदान कर सकता है।

13 हजार कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी में लगाकर हजारों का वोट छीनना लोकतंत्र पर हमला : प्यार सिंह कंवर

भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं पूर्व सचिव प्यार सिंह कंवर ने पंचायत चुनावों में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के मतदान से वंचित होने के मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के मूल अधिकारों पर सीधा हमला है और कांग्रेस सरकार की प्रशासनिक विफलता का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 3,758 पंचायतों, जिला परिषद के 251 वार्डों और पंचायत समिति के 1769 वार्डों में तीन चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। इन चुनावों के संचालन के लिए लगभग 13 हजार सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन विडंबना यह है कि इन्हीं में से हजारों कर्मचारी अपना मताधिकार प्रयोग नहीं कर पाएंगे। प्यार सिंह कंवर ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से पंचायत चुनावों के लिए लगभग 1300 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं और प्रत्येक पोलिंग पार्टी में करीब 6 अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। वहीं नगर पंचायत सुन्नी के चुनाव के लिए विभिन्न पोलिंग पार्टियां नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों के लिए रवाना हुईं। 

नगर परिषद ठियोग व सुन्नी नगर पंचायत के पोलिंग पार्टी रवाना

निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि नगर परिषद ठियोग में होने वाले चुनाव के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान दलों को सात मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। रवाना किए गए मतदान दलों के अलावा तीन रिजर्व दल व 14 पुलिस कर्मी शामिल हैं। हर दल के साथ एक पीठासीन अधिकारी व तीन मतदान अधिकारी शामिल हैं जिन्हें पूर्ण इमानदारी के साथ अपने कार्य का निर्वाहन कर चुनाव संपन्न करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  इसी प्रकार सुन्नी नगर पंचायत के सात मतदान केंद्रों के लिए सात मतदान दल, तीप रिजर्व दल व 14 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है और हरदल के साथ एक पीठासीन अधिकारी व तीन मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं।

राज्यपाल ने नागरिकों से शहरी निकाय चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया

 राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने पूरे राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से 17 मई को होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में सक्रिय रूप से भाग लेने की हार्दिक अपील की है। पूरे राज्य में शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए प्रचार आज समाप्त हो गया, जिससे कल होने वाले मतदान का मार्ग प्रशस्त हो गया। इस चुनावी प्रक्रिया में धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर के चार प्रमुख नगर निगमों के साथ प्रदेश भर की कई अन्य नगर परिषदों और नगर पंचायतों को शामिल किया गया है। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय चुनाव केवल एक नागरिक प्रक्रिया नहीं हैं, वे वह नींव हैं जिस पर जीवंत, सुशासित और समृद्ध शहर निर्मित होते हैं। आपका वोट आपका अधिकार है, आपका कर्तव्य है, और आपके शहर तथा हमारे प्यारे राज्य हिमाचल प्रदेश के भविष्य में आपका योगदान है। उन्होंने सभी नागरिकों से उत्साहपूर्वक भाग लेने और इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को एक शानदार सफलता बनाने का आह्वान किया। राज्यपाल ने सभी मतदाताओं से अनुशासित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने और सद्भाव, मर्यादा तथा निष्पक्ष चुनावों की भावना को बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

बिलासपुर में मतदान पार्टियां चुनाव सामग्री के साथ रवाना

बिलासपुर जिले के चार शहरी निकायों के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान पार्टियों को संबंधित शहरी निकाय मुख्यालयों से उनके गंतव्य के लिए मतदान सामग्री के साथ रवाना कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (शहरी निकाय) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदान के बाद इसी दिन निर्धारित मतगणना स्थलों पर मतों की गिनती की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से जिले के सभी चारों शहरी निकायों में मतदान कराया जाएगा, जिसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। उन्होंने मतदाताओं से बढ़-चढ़ कर मतदान में भाग लेने का आह्वान किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed