लैंड करते ही जमीन में धंसा सीएम का हेलीकॉप्टर, अफसरों के हाथ-पैर फूले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में भाग लेने पांवटा साहिब पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हेलीकॉप्टर लैंडिंग करते ही मैदान में धंस गया। लगातार बारिश के चलते हालांकि लैंडिंग स्थल तारूवाला खेल मैदान की गीली मिट्टी में हेलीकॉप्टर के टायर ही धंसे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
गनीमत यह भी रही कि टायर धंसने से पहले ही मुख्यमंत्री और अन्य लोग हेलीकॉप्टर से बाहर निकल चुके थे। हेलीकॉप्टर के टायर धंसने से वहां मौजूद प्रशासनिक तंत्र के हाथ-पांव फूल गए। इसमें प्रशासन की बड़ी चूक सामने आई है। प्रशासन को यह पुख्ता कर लेना चाहिए था कि मैदान गीला होने से हेलीकॉप्टर की लैंडिंग में दिक्कत तो नहीं आएगी।
रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य यात्री हेलीकॉप्टर से पांवटा के एवीएन रिजॉर्ट में शुरू हुई दो दिवसीय भाजपा कार्यसमिति की बैठक के लिए पहुंचे। सुबह करीब 9:50 बजे सीएम के हेलीकॉप्टर ने तारूवाला मैदान में लैंड किया। सीएम और अन्य सवार हेलीकॉप्टर से बाहर निकले।
इसी बीच स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करने के बाद सीएम सलामी ले रहे थे तो पिछले तीन दिनों से बारिश होने के चलते गीले मैदान में हेलीकॉप्टर का एक टायर धंस गया। सलामी लेने के बाद सीएम भी एक बार हेलीकॉप्टर की तरफ गए। इसके बाद पायलट ने कुछ पुलिस कर्मियों को बैलेंस बनाने के लिए हेलीकॉप्टर में बिठाया और फिर टायर बाहर निकलने के बाद वापस उड़ान भरी।
लगातार हुई बारिश के कारण मैदान की मिट्टी नरम हो गई थी, जिसके चलते हेलीकॉप्टर के बायीं तरफ का पहिया थोड़ा मिट्टी में धंस गया था। - लायक राम वर्मा, एसडीएम पांवटा