फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   himachal election 2022, Eight leaders of BJP rebel, will fight election as independent

Himachal Election: रिवाज बदलने उतरी भाजपा के आठ नेता बागी, आजाद ठोकी चुनावी ताल

Sat, 22 Oct 2022 11:06 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Sat, 22 Oct 2022 11:06 AM IST
विज्ञापन
सार
 प्रदेश में रिवाज बदलने उतरी भाजपा के आठ नेता बागी हो गए हैं। शुक्रवार को इन बागियों ने बतौर आजाद प्रत्याशी चुनाव में ताल ठोक दी है। 
loader
himachal election 2022, Eight leaders of BJP rebel, will fight election as independent
भाजपा की इंदिरा कपूर ने समर्थकों के साथ आक्रोश रैली निकाली। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलने उतरी भाजपा के आठ नेता बागी हो गए हैं। शुक्रवार को इन बागियों ने बतौर आजाद प्रत्याशी चुनाव में ताल ठोक दी है। बिलासपुर सदर से सुभाष शर्मा, झंडूता से राजकुमार कौंडल, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह के पुत्र हितेश्वर सिंह ने बंजार से चुनावी हुंकार भर दी है। जिला कांगड़ा में पूर्व राज्यसभा सांसद कृपाल परमार ने फतेहपुर और देहरा से होशियार सिंह ने भी नामांकन दाखिल कर दिए हैं। पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने नालागढ़ और तेजवंत नेगी ने किन्नौर से पर्चा भरकर सत्ताधारी दल की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उधर, झंडूता से कांग्रेस के पूर्व विधायक बीरू राम किशोर और चौपाल से पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सबलाराम चौहान भी निर्दलीय प्रत्याशी बन गए हैं। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब से अनिंदर सिंह नॉटी आम आदमी पार्टी से बगावत कर चुनाव मैदान में उतर गए हैं।


भाजपा में टिकटों के आवंटन को लेकर रोष लगातार बढ़ रहा है। पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने विधायक लखविंद्र राणा को पार्टी प्रत्याशी बनाने का विरोध करते हुए निर्दलीय नामांकन कर अपने इरादे जता दिए हैं। ठाकुर के समर्थकों ने भी भाजपा मंडल से इस्तीफे दे दिए हैं। किन्नौर में तेजवंत नेगी ने भी विरोध का झंडा बुलंद कर दिया है। नूरपुर से फतेहपुर शिफ्ट किए गए वन मंत्री राकेश पठानिया को भी पूर्व राज्यसभा कृपाल परमार ने मुश्किल में फंसा दिया है। भाजपा से पूर्व सांसद महेश्वर सिंह के बेटे हितेश्वर सिंह ने बगावत कर कुल्लू के बंजार से नामांकन भरा है। कुल्लू से भाजपा ने महेश्वर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। आनी से भाजपा विधायक किशोरी लाल सागर ने 25 अक्तूबर को बतौर निर्दलीय नामांकन करने का दावा किया है। कुल्लू से भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह भी 25 अक्तूबर को नामांकन भरने जा रहे हैं। मनाली विधानसभा से भाजपा खेमे से महेंद्र ठाकुर सियासी हुंकार भर चुके हैं। महेंद्र भी 25 का नामांकन पत्र भरेंगे। लाहौल-स्पीति से डॉ. रामलाल मारकंडा के सामने भाजपा जनजातीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जवाहर शर्मा चुनौती बन गए हैं।


ये भी बगावत के मूड में
हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में आईं ठियोग से इंदु वर्मा ने आजाद प्रत्याशी के रूप ने चुनाव लड़ने का एलान किया है। उनके समर्थकों ने बैठक कर यह फैसला लिया। कांग्रेस के पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने चिंतपूर्णी से दो दिन में टिकट न बदलने पर सामूहिक इस्तीफे देने की धमकी दी है। मंडी के धर्मपुर से भाजपा के मंत्री महेंद्र के बेटे रजत ठाकुर को टिकट मिलने के बाद से उनकी बेटी वंदना गुलेरिया भी बगावत पर उतर आई हैं। जिला कुल्लू की आनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता परसराम ने टिकट न मिलने पर नामांकन भरने का एलान किया है।  करसोग में कांग्रेस प्रत्याशी महेश राज के खिलाफ भी मोर्चा खुल गया है।

चंबा में इंदिरा कपूर समर्थकों ने हर्ष महाजन को घेरा
चंबा से टिकट कटने के बाद भाजपा की इंदिरा कपूर ने समर्थकों के साथ आक्रोश रैली निकाली। हेलिकाप्टर से सुल्तानपुर पहुंचे भाजपा नेता हर्ष महाजन को समर्थकों ने घेरा और टिकट काटने की वजह जानी। वे भी संतुष्टि भरा जवाब नहीं दे पाए। इंदिरा कपूर ने अपने समर्थकों सहित कहा कि एक तरफ जहां भाजपा परिवारवाद को लेकर कांग्रेस पर तंज कसती है तो वहीं विधायक ने अपनी पत्नी को टिकट दिलवा दी है।

बगावत को शांत करने आज बिलासपुर पहुंचेंगे नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हेलिकाप्टर से शनिवार दोपहर 3:00 बजे बिलासपुर के लुहणू मैदान पहुंचेंगे। यहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह अपने घर विजयपुर जाएंगे। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नड्डा का यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। बिलासपुर नड्डा का गृह जिला है। यहां सदर और झंडूता विस क्षेत्र में भाजपा में बगावत चिंता का कारण बन गई है। सदर से विधायक सुभाष ठाकुर का टिकट कटने और त्रिलोक जम्वाल को टिकट मिलने से विरोध बढ़ गया है। भाजपा के ही राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुभाष शर्मा ने सदर से नामांकन किया है।

मौजूदा विधायक, सदर भाजयुमो के कई पदाधिकारी भी त्रिलोक से दूरी बनाकर बैठे हैं। दूसरी तरफ, सदर से कांग्रेस ने बंबर ठाकुर को टिकट देकर बड़ा दांव खेला है। झंडूता में पूर्व भाजपा मंत्री रिखीराम कौंडल के बेटे ने भी बगावत कर नामांकन पत्र भरा है। बिलासपुर दौरे के दौरान नड्डा डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश करेंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता स्वदेश ठाकुर ने बताया कि जेपी नड्डा 22 अक्तूबर को बिलासपुर पहुंचेंगे। नड्डा के निवास स्थान विजयपुर में दीप मिलन कार्यक्रम रखा गया है। इसमें जिले भर के कार्यकर्ता भाग लेंगे। नड्डा दिवाली तक बिलासपुर में ही रुकेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed