हिमाचल ने 27 परियोजनाओं के लिए केंद्र से मांगे 536 करोड़
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सड़क परिवहन और राजमार्ग केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय सड़क विनिर्माण निधि में 27 परियोजनाओं के लिए 563 करोड़ रुपये समयबद्ध तरीके से स्वीकृत करने का आग्रह किया है। इन परियोजनाओं में 17 सड़कें और 10 पुल शामिल हैं। जयराम ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश के 69 राजमार्गों की शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया, ताकि इन पर कार्य जल्द ही शुरू किया जा सके।
गडकरी ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और लोक निर्माण और परिवहन मंत्रियों के साथ बातचीत की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए शिमला-मटौर और पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव और सामयिक नवीकरण महत्वपूर्ण है और इसे समय पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इस कार्य को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त निधि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
सैंज-औट राष्ट्रीय राजमार्ग-305 को एनएच में लाने को कहा
सीएम ने कहा कि 97 किलोमीटर के सैंज-औट राष्ट्रीय राजमार्ग-305 सहित जलोड़ी सुरंग को विश्व बैंक हरित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के अंतर्गत लाया जाना चाहिए।
मनाली टोल बैरियर के युक्तिकरण का भी आग्रह किया
सीएम ने केंद्रीय मंत्री से मनाली टोल बैरियर के युक्तिकरण का भी आग्रह किया। ताकि, इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय मंत्री ने दिया मांगों पर सहानुभूति से गौर करने का आश्वासन दिया।