सीएम जयराम बोले- सैलानियों की भीड़ न लगने दें, अतिरिक्त फोर्स करें तैनात
सीएम जयराम ने कहा कि पर्यटक आएं, उनका स्वागत है, लेकिन विनम्र निवेदन है कि कोविड नियमों की अनुपालना करें। होटल संचालक एसोओपी की पालना सुनिश्चित करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गृह जिला मंडी के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में सैलानियों की बढ़ रही आमद के बीच कोविड नियमों की अनदेखी पर चिंता जाहिर की है। स्वास्थ्य मंत्रालय से मिले निर्देशों के बाद सीएम ने कुल्लू, शिमला, मंडी और चंबा के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को ऐसे स्थान चिह्नित करने को कहा है, जहां पर्यटकों की भीड़ लग रही है। इन स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर कोविड नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए योजना बनाने के लिए भी कहा है।
वे बुधवार को मंडी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यटक आएं, उनका स्वागत है, लेकिन निवेदन है कि कोविड नियमों की अनुपालना करें। होटलियर्स एसओपी की पालना सुनिश्चित करें। पर्यटन क्षेत्रों में जिला प्रशासन और लोनिवि के अधिकारियों को प्रभावशाली निगरानी तंत्र विकसित करने के लिए कहा है, ताकि बरसात के दिनों में सड़कें बाधित होने से किसी तरह की परेशानी हिमाचल आने वाले पर्यटकों को न आए।
पर्यटकों का सैलाब, कैबिनेट चिंतित
कोरोना महामारी को लेकर लगाई गई बंदिशों में दी गई छूट से हिमाचल में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। प्रतिदिन यहां सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है। कोरोना से बचाव को लेकर बनाए गए नियमों का पालन न करने से कैबिनेट भी चिंतित है। बुधवार को प्रदेश सरकार ने मंत्रिमंडल की बैठक में पर्यटक स्थलों पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को कोविड उपयुक्त व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
बुधवार को स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कैबिनेट की बैठक में कोरोना की वास्तविक स्थिति को लेकर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जिस तरह से लोगों का सैलाब उमड़ रहा है, सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ रही है, लोग बिना मास्क इधर-उधर धूम रहे हैं, इससे कोरोना फैलने की संभावना है। अगर नियमों को सख्ती से लागू नहीं किया गया तो कोरोना विकराल रूप धारण कर सकता है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने भी शिमला और मनाली में पर्यटकों की भीड़ उमड़ने और कोरोना नियमों का पालन न करने को लेकर हिमाचल सरकार को अलर्ट किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर नियमों का पालन नहीं किया गया तो बंदिशों जैसे सख्त नियम लागू करने पड़ेंगे।
कोरोना के कई म्यूटेंट होने से तीसरी लहर का खतरा
कोरोना वायरस के अनेक म्यूटेंट होने से महामारी की तीसरी लहर का खतरा बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रदेश के पर्यटक स्थलों के साथ अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ी है। अधिक संख्या में भीड़ एकत्र हो रही है। ऐसी स्थिति में लोगों को संभावित तीसरी लहर से बचाव के प्रति अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।