Himachal BJP President: जून में पूरा होगा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का कार्यकाल, मिल सकता है सेवा विस्तार
प्रदेश में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप का तीन साल का कार्यकाल इसी साल जून में पूरा होगा। उन्हें जल्दी ही सेवा विस्तार मिल सकता है। वह लोकसभा चुनाव तक बने रहेंगे या हटेंगे, अभी इस बारे में संशय बना हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप का तीन साल का कार्यकाल इसी साल जून में पूरा होगा। उन्हें जल्दी ही सेवा विस्तार मिल सकता है। वह लोकसभा चुनाव तक बने रहेंगे या हटेंगे, अभी इस बारे में संशय बना हुआ है। राज्य में भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हो चुका है। अब बूथ और मंडल स्तर पर चुनाव की तिथियां भी जल्दी घोषित की जाएंगी। हिमाचल में भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर पांच साल बाद सत्ता बदलने का रिवाज नहीं बदल पाई। राज्य विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप थे।
सुरेश कश्यप शिमला लोकसभा सीट से सांसद भी हैं। उनका तीन साल का निर्धारित सेवाकाल पूरा होने जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के फिर से अध्यक्ष बने रहने की संभावना बनी हुई है, ठीक वैसे ही प्रदेश के बारे में भी कयास लगाए जा रहे हैं कि सुरेश कश्यप भी प्रदेशाध्यक्ष पद पर बने रह सकते हैं। प्रदेश में सत्ताच्युत होने के बावजूद जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भाजपा विधायक दल का नेता बनाया गया है, ठीक वैसे ही सुरेश कश्यप भी अध्यक्ष बने रह सकते हैं। वर्ष 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा शायद ही अध्यक्ष को बदले।
अभी सदस्यता अभियान शुरू किया, जल्द घोषित होगी चुनाव की तिथि : खन्ना
भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा है कि अभी सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। जल्द ही बूथ और मंडल स्तर के चुनाव की तिथि घोषित की जा सकती है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव भी एक प्रक्रिया के तहत होते हैं। यह प्रक्रिया सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद निचले स्तर के चुनाव के बाद होती है।
हिमाचल में हुई भाजपा की हार पर हो सकती है दिल्ली में चर्चा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में हुई भाजपा की हार पर नई दिल्ली में आगामी दिनों में होने रही भाजपा कार्यसमिति की बैठक हो सकती है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के लिए प्रदेश के नेता बुलाए गए हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, भाजपा विधायक दल के नेता जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, संगठन महामंत्री पवन राणा समेत अन्य प्रमुख नेता इसमें शामिल होंगे। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक 16 और 17 जनवरी को नई दिल्ली में होगी। इसमें इस साल होने जा रहे राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव पर चर्चा होगी। आगामी चुनावी रणनीति के बीच हिमाचल में हाल ही में हुई हार पर मंत्रणा हो सकती है, क्योंकि प्रदेश में विधानसभा चुनाव में हार के बाद यह इस तरह की पहली बैठक होने जा रही है। हालांकि, इस बैठक में अन्य राष्ट्रीय मुद्दों पर ही प्रमुखता से चर्चा होनी है। भाजपा के आगामी दिनों में प्रस्तावित सदस्यता अभियान के बारे में भी इस बैठक में मंत्रणा हो सकती है।