{"_id":"629e375b697735315209ae0b","slug":"himachal-bjp-meeting-the-blueprint-of-mission-repeat-prepared-in-dhumal-s-home-district-these-leaders-including-cm-jairam-were-present","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal Bjp Meeting: धूमल के गृह जिले में तैयार किया मिशन रिपीट का खाका, सीएम जयराम समेत ये नेता रहे मौजूद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal Bjp Meeting: धूमल के गृह जिले में तैयार किया मिशन रिपीट का खाका, सीएम जयराम समेत ये नेता रहे मौजूद
Mon, 06 Jun 2022 10:52 PM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
Published by: Krishan Singh
Updated Mon, 06 Jun 2022 10:52 PM IST
सार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिमला दौरे के बाद सरकार और संगठन की यह सबसे बड़ी बैठक हुई। इसमें सरकार और संगठन के बीच दूरियां पाटने, रूठों को मनाने और मिशन रिपीट के तमाम पहलुओं पर चर्चा हुई।
विज्ञापन
हिमाचल भाजपा की बैठक।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश भाजपा पदाधिकारी और कोर कमेटी की बैठक सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गृह जिले में हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिमला दौरे के बाद सरकार और संगठन की यह सबसे बड़ी बैठक हुई। इसमें सरकार और संगठन के बीच दूरियां पाटने, रूठों को मनाने और मिशन रिपीट के तमाम पहलुओं पर चर्चा हुई। बैठक सोमवार दोपहर ढाई बजे हमीरपुर स्थित परिधिगृह के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में शुरू हुई, जो रात आठ बजे खत्म हुई। बैठक में मिशन रिपीट को लेकर पदाधिकारियों के सुझाव लिए गए। पिछली बैठक में निर्धारित एजेंडे और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साढ़े चार सालों सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई।
विज्ञापन
बैठक में कमजोर चुनावी हलकों में पार्टी को मजबूत करने और मंत्री-विधायकों की परफार्मेंस और कमियां दूर करने पर चर्चा हुई। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को मजबूत करने पर रूपरेखा बनाई गई। कांग्रेस की रणनीति को किस तरह फेल करना है, इस पर भी चर्चा हुई। उपचुनावों में पार्टी की कमियां दूर करने को सुझाव लिए गए। कोर कमेटी की बैठक शाम को साढ़े आठ बजे शुरू हुई। यह देर रात की चली। कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, संगठन मंत्री पवन राणा, त्रिलोक जंवाल और त्रिलोक कपूर समेत 14 नेता शामिल हुए।
विज्ञापन
जून से अक्तूबर तक कार्यक्रमों का खाका खींचा
बैठक में जून से लेकर अक्तूबर तक होने वाले कार्यक्रमों का खाका तैयार किया गया। जून में केंद्र सरकार के आठ वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण, बूथ सशक्तीकरण, लोकसभा प्रवास योजना, डाटा प्रबंधन एवं उपयोग, मई से जून के बीच बूथ स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाने, शिमला, हमीरपुर और मंडी में त्रिदेव और पन्ना समितियों के सम्मेलन करवाने पर चर्चा हुई। जून में युवा मोर्चा की वॉल पेंटिंग, विजय संकल्प रैली, योग दिवस, 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस और जुलाई को जयंती के रूप में मनाने पर चर्चा हुई। मोर्चा प्रकोष्ठों के आउटरीच प्रोग्राम, दलित स्वाभिमान सम्मेलन, व्यवसायिक समूहों व प्रकोष्ठों की साथ सम्मेलन और लाभार्थी संवाद, संपर्क बैठकें और सम्मेलन को लेकर चर्चा हुई।
विज्ञापन
बिस्तर से उठते और सोते-जागते बयानबाजी करते हैं मुकेश : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री बिस्तर से उठते और सोते-जागते, कहीं भी बयान देते रहते हैं। जयराम ने कहा कि चार राज्यों की तर्ज पर हिमाचल में भी भाजपा की सरकार रिपीट होगी और यह पांच-पांच साल कार्यक्रम की प्रथा खत्म होगी।
प्रतिभा और सुक्खू ने बनाई है एक-दूसरे से दूरी
सुरेश कश्यप ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस गुटों में बंटी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कांग्रेस प्रचार कमेटी के चेयरमैन सुखविंद्र सुक्खू एक-दूसरे के कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं। कांग्रेस नेताओं की आपस में दाल नहीं गल रही।
प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में नहीं पहुंचे धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में भाग नहीं लिया। हालांकि, वह साढ़े छह बजे परिधिगृह पहुंच गए थे, लेकिन उन्होंने यहां बैठकर पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इसके बाद रात साढ़े आठ बजे शुरू हुई कोर कमेटी की बैठक में धूमल ने भाग लिया।