100 से अधिक महिलाओं के साथ पीएम योजना के नाम पर ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कुल्लू में ग्रामीण क्षेत्र की 100 से अधिक महिलाओं से पीएम योजना के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के खाते में एक लाख 40 हजार रुपये आने की बात कहकर किसी से 100 तो किसी से 50 रुपये ले लिए गए। इसके लिए बाकायदा उनसे ज्यूडिशियल पेपर के साथ फार्म भी भरवाए गए। उनसे आधार कार्ड के साथ राशन कार्ड की कॉपी भी ली गई। फार्म में नाम और पता लिखने के साथ यह भी भरा गया कि उक्त महिला गरीब परिवार से संबंध रखती है और उसे एक लाख 40 हजार रुपये दिए जाएं।
पिछले करीब 4 से 5 दिन में फार्म भरने वाली कुछ महिलाएं कुल्लू जिले की लगवैली और कुछ खराहल क्षेत्र से हैं। ढालपुर में जुटीं करीब 50 महिलाओं से कुल्लू मंडल युवा मोर्चा महासचिव दिग्विजय आनंद ने पूछा तो इस मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने फार्म भरवाने वाले शख्स से पूछा कि कौन सी योजना में महिलाओं को एक लाख 40 हजार दिए जा रहे हैं। इस पर वह शख्स संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद महिलाएं उपायुक्त के पास पहुंचीं।
उपायुक्त ने भी स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई योजना नहीं है। न ही इस तरह से कोई फार्म भर सकता है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद थाने में सभी महिलाओं को उनके पैसे लौटाए गए। सोशल मीडिया में भी इसका वीडियो वायरल हो रहा है। भाजपा कुल्लू मंडल युवा मोर्चा महासचिव दिग्विजय आनंद ने कहा कि किसी साजिश के तहत सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई है।
अगर इसका पता नहीं चलता तो अब तक कितनी गरीब महिलाओं को धोखे का शिकार होना पड़ता। किसी भी योजना के लिए बीडीओ, एसडीएम, उपायुक्त कार्यालय में पता करें। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि उक्त शख्स ने महिलाओं के पैसे वापस लौटा दिए हैं। किसी ने लगवैली में अफवाह फैला दी थी कि प्रधानमंत्री योजना में एक लाख 40 हजार मिल रहे हैं।