{"_id":"5f4272748ebc3e3cae135792","slug":"forensic-lab-report-reveals-former-health-director-and-agent-prithvi-voice-in-viral-audio","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्व स्वास्थ्य निदेशक और एजेंट पृथ्वी की थी वायरल ऑडियो में आवाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूर्व स्वास्थ्य निदेशक और एजेंट पृथ्वी की थी वायरल ऑडियो में आवाज
Mon, 24 Aug 2020 11:59 AM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Mon, 24 Aug 2020 11:59 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
पांच लाख की घूस मांगने के मामले में फंसे स्वास्थ्य विभाग के पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अजय गुप्ता की मुश्किलें बढ़ना तय हैं। घूस मांगने से संबंधित 43 सेकंड के वायरल ऑडियो में दर्ज आवाजों का मिलान डा. गुप्ता और एजेंट पृथ्वी सिंह की आवाज से हो गया है। फॉरेंसिक लैब की रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई है कि ऑडियो में जो आवाज है वह गुप्ता और पृथ्वी की ही है। इस रिपोर्ट के आने के साथ ही अब विजिलेंस ने मामले में चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विज्ञापन
अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि एजेंट पृथ्वी करीब एक करोड़ रुपये कीमत की 6500 पीपीई किट सप्लाई करने का काम हासिल करने के लिए तीन लाख रुपये की घूस देने को तैयार था, जबकि डॉ. गुप्ता पांच लाख मांग रहे थे। जांच में पता चला कि गुप्ता के घर पर पृथ्वी ने पचास हजार रुपये भी पहुंचाए थे।
विज्ञापन
वहीं, सूत्रों का यह भी कहना है कि 19 मई को डॉ. गुप्ता को यह रिकॉर्डिंग पृथ्वी सिंह ने भेजी थी और आशंका है कि इस ऑडियो क्लिप के जरिये गुप्ता पर दबाव बनाकर और सप्लाई ऑर्डर हासिल करने की कोशिश की गई थी। विजिलेंस ब्लैकमेलिंग के एंगल पर जांच कर चुकी है, लेकिन चूंकि सरकार ने इस ऑर्डर के बाद टेंडर प्रक्रिया अपनाने के आदेश दिए थे, ऐसे में गुप्ता इस ऑर्डर के बाद कोई और ऑर्डर पृथ्वी को नहीं दिला पाए।
विज्ञापन
आधा दर्जन अधिकारियों के फोन भी जब्त
मामले की जांच के दौरान विजिलेंस ने करीब आधा दर्जन से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों के फोन जब्त कर ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप चैट और व्हाट्सएप कॉल को खंगाला था। इसी छानबीन में गुप्ता की पृथ्वी से मुलाकातों और पैसे के लेनदेन की पुष्टि हुई थी।
बिंदल ने इसी मामले में दिया था इस्तीफा
वायरल ऑडियो मामले में करीबी का नाम सामने आने के बाद डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के लिए उन्होंने उच्च नैतिक मूल्यों का हवाला देते हुए कहा था कि जांच में उनके करीबियों का नाम आ रहा है, ऐसे में निष्पक्ष जांच कराए जाने के लिए वह पद से इस्तीफा दे रहे हैं।