Himachal: क्रिसमस, न्यू ईयर पर दिल्ली-शिमला-धर्मशाला के लिए नहीं मिलेगी फ्लाइट, जानें वजह
एलायंस एयर ने उड़ान योजना के तहत चल रहीं हवाई सेवाएं 15 जनवरी तक स्थगित कर दी हैं।
विस्तार
क्रिसमस और न्यू ईयर पर देश-विदेश के सैलानियों को दिल्ली-शिमला-धर्मशाला के बीच आवाजाही के लिए हवाई सेवाएं नहीं मिलेगी। एलायंस एयर ने उड़ान योजना के तहत चल रहीं हवाई सेवाएं 15 जनवरी तक स्थगित कर दी हैं।
दिल्ली-शिमला, शिमला-धर्मशाला और शिमला-अमृतसर के लिए हवाई सेवाएं सितंबर से बंद चल रही हैं। इन रूटों पर एलायंस एयर हवाई सेवाओं को संचालन कर रही थी। हिमाचल सरकार के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) हस्ताक्षरित न होने के चलते कंपनी ने पहले 31 दिसंबर तक सेवाएं बंद रखने का फैसला लिया था, लेकिन एमओयू न होने के बाद अब सेवाएं 15 जनवरी तक रोक दी गई हैं।
सूत्रों का कहना है कि एमओयू न होने की सूरत में मार्च तक सेवाएं बहाल होने की संभावनाएं कम हैं। दिल्ली से शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे के लिए एलायंस एयर हवाई सेवाएं संचालित कर रही है। सेवाओं को लेकर एलायंस एयर, केंद्र और राज्य सरकार के बीच समझौता सितंबर में खत्म हो चुका है। शिमला और धर्मशाला के बीच उड़ानों पर हिमाचल सरकार वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) देती है, जो स्थानीय रूटों पर सेवाओं की लागत और सस्ते किराये के बीच अंतर को पूरा करने के लिए विमान कंपनियों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता है। कंपनी का तर्क है कि प्रदेश सरकार की ओर से 18 करोड़ वायबिलिटी गैप फंडिंग होने पर ही रियायती सीटों का संचालन किया जा सकता है।