शिमला के लोअर बाजार में कपड़े की दुकान में भड़की आग, लाखों का सामान राख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल की राजधानी शिमला के लोअर बाजार में शनिवार सुबह कपड़े की एक बड़ी दुकान में भड़की आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि इसे बुझाने में दमकल टीम को दो घंटे लग गए। मालरोड स्थित दमकल विभाग के अनुसार यह आग सुबह 10 बजकर 48 मिनट पर लगी। बंदना इंपोरियम शॉप के अंदर जसपाल सिंह और उनके भाई नरेंद्र सिंह की कपड़े की दुकानें हैं। दुकान खोले अभी दो मिनट ही हुए थे कि अचानक दुकान के एटिक में बने स्टोर से धुआं निकलना शुरू हो गया।
इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और मालरोड पर फायर टेंडर खड़ा कर पानी की पाइपें लोअर बाजार के लिए बिछा दीं। पानी की बौछारों से आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन काला धुआं कम होने की बजाय और बढ़ गया। इसके बाद कुछ दमकल कर्मी छत पर चढ़े और स्थानीय लोगों की मदद से छत का एक हिस्सा उखाड़कर पानी अंदर डाला। आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन इसके बाद भी धुआं जारी रहा। करीब दो घंटे तक चले राहत कार्य के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया। अंदेशा है कि दुकान के भीतर शार्ट सर्किट होने से यह आग लगी है।
त्योहारी और शादियों के लिए मंगा रखा था स्टॉक
दुकान चलाने वाले कारोबारी ने बताया कि फेस्टिव सीजन को देखते हुए कपड़ों का नया स्टॉक भी मंगा रखा था। ज्यादातर महंगे कपड़े थे और स्टोर में भी काफी स्टॉक रखा था जो जलकर राख हो गया। वहीं जो बचा था वह पानी की बौछारों से खराब हो गया है। दमकल टीम के अनुसार दोनों भाईयों को करीब चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके अलावा साथ लगते रेडीमेड कपड़ों की दुकान में भी पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ है।
कारोबारियों के अनुसार यदि दमकल की टीम समय पर न पहुंचती तो साथ लगती दुकानों को भी खतरा हो सकता था। मालरोड के अलावा छोटा शिमला और बालुगंज से भी फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। एसएफओ बालकृष्ण ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पाकर करोड़ों की संपत्ति बचाई गई है। कोई जानी नुकसान नहीं है।
कारोबारी और पुलिस ने भी की मदद
आग पर काबू पाने में स्थानीय कारोबारियों, कश्मीरी मजदूरों और सदर थाना पुलिस के जवानों ने भी काफी मदद की। शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह आग बुझाने के लिए खुद दुकान के भीतर गए और मदद की।