{"_id":"5daac83b8ebc3e01536a0a2e","slug":"fire-breaks-out-at-whirlpool-store-mandi-himachal-pradesh","type":"story","status":"publish","title_hn":"गोदाम में भयंकर आग से करोड़ों का नुकसान, रिहायशी बस्ती और पार्किंग करवाई खाली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गोदाम में भयंकर आग से करोड़ों का नुकसान, रिहायशी बस्ती और पार्किंग करवाई खाली
Sat, 19 Oct 2019 11:11 PM IST
अरविन्द ठाकुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडी/नेरचौक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडी/नेरचौक
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Sat, 19 Oct 2019 11:11 PM IST
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के मंडी जिले के नेरचौक-रत्ती मार्ग पर एक इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों के गोदाम में लगी भीषण आग से करोड़ों रुपयों का नुकसान हो गया है। शनिवार दोपहर साढ़े बारह बजे लगी आग से गोदाम पूरी तरह जल गया। आग इतनी भयंकर थी कि लोग भी सहम गए। प्रशासन ने साथ लगती रिहायशी बस्ती और पार्किंग को खाली करवाना पड़ा।
विज्ञापन
आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम से लपटें उठने लगीं। सूचना मिलने के पंद्रह मिनट बाद मंडी से फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचा लेकिन आग पर काबू पाने से पहले ही पानी खत्म हो गया। आग के चारों तरफ फैलने का खतरा पैदा हो गया। करीब पचास मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप था। ऐसे में रिहायशी इलाके को प्रशासन ने खाली करवाया।
विज्ञापन
साथ लगती एक पार्किंग में बीस गाड़ियां थीं, जिसे भी खाली करवा दिया। सुंदरनगर और आसपास से फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में लग गईं। यह गोदाम परवाणू के थोक कारोबारी संजीव सूद ने किराये पर ले रखा है। दिवाली के कारण गोदाम विभिन्न कंपनियों के एलईडी, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव, फ्रिज, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरा था।
विज्ञापन
आग की घटना में सब कुछ जलकर राख हो गया है। बताया गया है कि आग की घटना से चंद मिनट पहले ही सामान से भरे दो बड़े ट्रक गोदाम में उतारे गए थे। दोपहर साढ़ेेेेे बारह बजे लगी आग पर शाम करीब साढ़े पांच बजे आग पर काबू पाया जा सका है। यह दो मंजिला भवन सोहन लाल गुप्ता का बताया जा रहा है। इसके ग्राउंड फ्लोर की पांच दुकानों को परवाणू के कारोबारी संजीव सूद ने किराये पर ले रखा था।
ऊपरी मंजिल निर्माणाधीन है। गोदाम से मंडी, कुल्लू, मनाली, बिलासपुर के लिए इलेक्ट्रानिक्स सामान की सप्लाई होती थी। इसमें सैमसंग, व्हरलपूल, एलजी आदि कंपनियों का सामान था। आग लगने के बाद रत्ती मार्ग पर यातायात भी बंद करना पड़ा।
आग के कारणों की हो रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर मौके पर पहुंचे। कहा कि आग भयंकर थी। समय रहते बचाव कार्य किया गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। एडीएम मंडी श्रवण मांटा, एसडीएम बल्ह आशीष शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।