धर्मशाला: इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने खनियारा सड़क पर दौड़कर किया वार्मअप, निहारीं धौलाधार की पहाड़ियां
धर्मशाला पहुंचे इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों ने सोमवार को धर्मशाला के खनियारा गांव में वर्कआउट किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने बर्फ से लकदक धौलाधार की पहाड़ियों को नजदीक से निहारा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच सीरीज के अंतिम टेस्ट मैच के लिए धर्मशाला पहुंची इंग्लैंड की टीम ने सोमवार सुबह होटल से खनियारा तक दौड़ लगाकर वार्मअप किया। इस दौरान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स भी खिलाड़ियों के साथ खनियारा तक दौड़ लगाई। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने धौलाधार की पहाड़ियों की खूबसूरती को निहारने के साथ फोटो भी खींचे। इन्हें सोशल मीडिया अकाउंट पर भी अपलोड किया। सुबह दौड़ लगाने के बाद खिलाड़ियों ने दिन में आराम किया।
उधर भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी एड शूट में व्यस्त रहे। भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड ने खनियारा के थातरी तक मॉर्निंग वॉक किया। उन्होंने प्रशंसकों के साथ फोटो भी खिंचवाए। टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम के स्पिनर रविंद्र जडेजा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी सोमवार को धर्मशाला पहुंच गए हैं। उनके साथ रिंकू सिंह भी धर्मशाला पहुंचे हैं। हालांकि भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा अभी तक नहीं आए हैं। वे मंगलवार को बिलासपुर में शुरू होने वाले सांसद खेल महाकुंभ के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। रोहित शर्मा मंगलवार शाम तक धर्मशाला पहुंच जाएंगे। भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों को एड शूट होने के चलते सोमवार को दोनों टीमों के अभ्यास सत्र को रद्द कर दिया था। अब मंगलवार से दोनों टीमें सुबह और शाम के सत्र में अभ्यास करेंगी।
टेस्ट में से पहले ही धर्मशाला में उमड़ने लगे क्रिकेट प्रेमी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 7 से लेकर 11 मार्च तक खेले जाने वाले भारतीय इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच के लिए अभी से ही स्टेडियम के बाहर भीड़ जुटना शुरू हो गई है। सोमवार को स्टेडियम के बाहर पर्यटकों सहित क्रिकेट प्रेमियों का जमावड़ा लगा रहा। पर्यटक स्टेडियम को निहारने के लिए गेट पर पहुंचे थे। वहीं क्रिकेट प्रेमी यहां पर बिक रही टिकटों को खरीदने के लिए पहुंचे थे। टेस्ट मैच को लेकर चल रही तैयारी के कारण स्टेडियम को पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है, जिसके चलते वीकेंड पर धर्मशाला पहुंचे पर्यटकों को मायूसी हाथ लगी है।
टेस्ट मैच से पहले डॉग स्क्वायड खंगालेगा स्टेडियम, जरूरत पड़ी तो ही धर्मशाला-कांगड़ा सड़क की जाएगी वन-वे
भारत-इंग्लैड के बीच 7 से 11 मार्च तक खेले जाने वाले सीरीज के अंतिम टेस्ट मैच से पहले डॉग स्क्वायड स्टेडियम को खंगालेगा। मैच में दर्शकों की भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में अगर जरूरत पड़ी तो धर्मशाला-कांगड़ा सड़क को वन-वे किया जाएगा, अन्यथा सड़कों पर रूटीन की तरह ही गाड़ियां चलेंगी। यह बात पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने पत्रकार वार्ता में कही। इस अवसर पर उनके साथ एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर भी मौजूद रहे।
शालिनी ने कहा कि अभी तक उन्हें जो इनपुट मिले हैं, उस हिसाब से 8 से 10 हजार दर्शक स्टेडियम में जुटने की संभावना है। पांच दिन तक चलने वाले टेस्ट मैच के लिए दूसरे राज्यों के ट्रैफिक प्लान को भी समझा गया है। उन्होंने बताया कि टेस्ट मैच से पहले पुलिस जवानों के साथ-साथ डॉग स्क्वायड भी स्टेडियम का दौरा करेंगे। स्टेडियम के हर एंट्री गेट पर पुलिस अधिकारियों की अगुवाई में जवान तैनात रहेंगे। मैच की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात के लिहाज से 600 के करीब पुलिस जवान और गुप्तचर विभाग के जवान तैनात रहेंगे। स्टेडियम के आसपास और टीमों के आने-जाने के रास्ते पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मैच के दौरान सुरक्षा के लिहाज से धर्मशाला स्टेडियम को इन्नर और आउटर दो हिस्सों में विभाजित किया जाएगा। यातायात व्यवस्था के हिसाब से शहर को सात सेक्टरों में बांटा जाएगा।
इस बार दाड़ी में नहीं खड़े होंगे वाहन
उन्होंने बताया कि मैच के चलते 7 से 11 मार्च तक पैराग्लाइडिंग पर रोक रहेगी। इसके लिए संबंधित एजेंसियों को सूचित कर दिया है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला स्टेडियम में पहले हुए आईपीएल और वर्ल्ड कप के मैचों के दौरान की ट्रैफिक व्यवस्था को ही व्यावहारिक तौर पर लागू किया जाएगा। मेला मैदान दाड़ी में चल रहे स्प्रिंग कार्निवाल के चलते इस बार दाड़ी मैदान में वाहनों को पार्क नहीं किया जाएगा। पार्किंग के लिए सबसे पहले पुलिस मैदान को तरजीह दी जाएगी। अगर पुलिस मैदान भर जाता है तो इसके बाद साई मैदान और चरान खड्ड के पास बन रहे फुटबाल स्टेडियम में वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था रहेगी। अगर जरूरत पड़ी तो चीलगाड़ी रोड पर भी वाहनों को खड़ा करने के लिए स्टैंडबाई रखा जाएगा।
जरूरत पड़ी को सुबह-शाम एक-डेढ़ घंटे के लिए होगी वनवे व्यवस्था
एसपी ने बताया कि अगर मैच के दौरान धर्मशाला में भीड़ बढ़ती है तो जरूरत के हिसाब से धर्मशाला-कांगड़ा सड़क को वन-वे बनाया जा सकता है। इस दौरान धर्मशाला से कांगड़ा की ओर जाने वाले वाहन वाया सकोह होकर जाएंगे। कांगड़ा से धर्मशाला आने वाले वाहनों को वाया शीला होकर धर्मशाला पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा शहीद स्मारक-सर्किट हाउस सड़क मार्ग को भी कुछ देर के लिए वन-वे घोषित किया जा सकता है।
ऑफलाइन बिकने लगे टिकट, ब्रॉड कास्टिंग की तैयारियां जोरों पर
भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच के लिए स्टेडियम के काउंटर पर विदेशी प्रशंसकों के साथ स्थानीय लोगों ने टिकट की खरीद शुरू कर दी है। इसके अलावा ब्रॉड कास्टिंग और अधूरे काम पूरा करने में एचपीसीए प्रबंधन जुटा है। भारत-इंग्लैंड के बीच सीरीज का अंतिम मैच 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाना है। स्टेडियम के बाहर क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ जुटना भी शुरू हो गई है। सोमवार को एचपीसीए के काउंटर पर टिकट की बिक्री भी शुरू हुई। ऑनलाइन बुक की गई टिकटों की हार्ड कापी भी खरीदारों को दी जा रही है। एचपीसीए के टिकट काउंटर पर सोमवार को टिकट हासिल करने के लिए कतारें लगी रहीं। इसी बीच स्टेडियम में आ और जा रहे क्रिकेट खिलाड़ियों को देखने के लिए भी प्रशंसक मुख्य गेट पर खड़े दिखाई दिए।