Coronavirus: लॉकडाउन के उल्लंघन पर तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज, वाहन जब्त
- हिमाचल में कोरोना वायरस से एक की मौत
- तीन दिन तक बंद रहेंगे सभी सरकारी कार्यालय
- पूरे प्रदेश में आगामी आदेशों तक लॉकडाउन
- कोरोना पीड़ित मृतक ने ऊना में खाया था खाना
- जरूरत पर बुलाए जाएंगे कर्मचारी, छुट्टी के दौरान नहीं कटेगा वेतन
- प्रदेश में बैंक सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक ही खुलेंगे
- हिमाचल में अब तक 72 लोगों के सैंपल लिए गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लॉकडाउन के आदेशों की अनुपालना न करने वालों के खिलाफ कुल्लू पुलिस ने सख्ती दिखाई। पुलिस ने बंजार में लॉकडाउन में बिना बजह सड़कों पर गाड़ियां दौड़ाने वाले तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।डीएसपी बंजार बिन्नी मिन्हास की अगुवाई में पुलिस ने वाहनों को रोककर बिना वजह गाड़ियों को दौड़ा रहे प्रेम सिंह पुत्र संगत राम निवासी गांव सिधवां, ध्यान सिंह पुत्र तुले राम निवासी गांव सिधवां के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। डीएसपी ने गाड़ी एचपी 82-0333 को तलाशी के लिए रोका तो इसमें शराब की 10 बोतलें बरामद की गईं। वाहन चालक राहुल सैनी, पुत्र हीरा लाल निवासी सेन मोहल्ला, जिला मंडी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और 51डीएम एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। डीएसपी बिन्नी मिन्हास ने कहा कि लॉकडाउन में आदेेश नहीं मानने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लोग अपने घरों से बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें। पुलिस ने तीनों वाहन जब्त भी किए हैं।
गलत पता बताने वालों पर भी केस दर्ज
एक अन्य मामले में भुंतर पुलिस ने बजौरा नाके पर गलत पता बताकर कुल्लू जिले की सीमा में घुसने वाले शिमला की महिला व पुरुष के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। दोनों पुलिस को गलत सूचना देकर कुल्लू जिला की सीमा में दाखिल होना चाहते थे। लॉकडाउन में पुलिस के बड़े अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतर गए हैं। डीएसपी बंजार ने स्वयं मोर्चा संभालते ही बंजार में कई वाहनों को चेक किया। पुलिस के अनुसार सोमवार रात को बजौरा में पुलिस की एक टीम नाके पर थी। इस दौरान एक कार को तलाशी के लिए रोका गया। कार में एक महिला और पुरुष सवार थे। दोनों से पुलिस ने बताया कि वे स्थानीय निवासी ही हैं। यहीं से आ रहे हैं। लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि जीत राम पुत्र हीरू राम, निवासी शिमला, गीता पुत्री बालक राम निवासी शिमला गलत सूचना देकर सीमा में घुसने की कोशिश में थे। इसके बाद उनके खिलाफ भुंतर थाना में आइपीसी की धारा 188, 269, 270 और आपदा प्रबंधन एक्ट 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
14 के खिलाफ दर्ज किए केस
वहीं, मंडी जिले में होम क्वारंटीन और लॉकडाउन के आदेशों की अवहेलना पर चौदह आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। होम क्वारंटीन तोड़ने पर जंजैहली में दो, सदर और गोहर में एक-एक मुकदमा दर्ज किया गया है। 10 मुकदमे लॉकडाउन के आदेशों की अवहेलना पर हुए हैं। एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि लॉकडाउन और कर्फ्यू न तोड़ें अन्यथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीएम के गृह क्षेत्र जंजैहली में कोरोना वायरस को लेकर जारी लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 2 होम क्वारंटीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार होम क्वारंटीन पर रखे बाहर से लौटे जिले में चार लोगों ने सरकार के आदेशों की अवहेलना की है। मॉनीटरिंग के दौरान अवहेलना पाए जाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने जंजैहली की सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे 5 लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर दी है। इन लोगों को सख्त हिदायत देकर पुलिस ने चेतावनी भी जारी कर दी है। एसडीएम थुनाग सुरेंद्र मोहन ने सराजघाटी के लोगों से अपील की है कि सरकार और प्रशासन का सहयोग करें।
तीन दिन तक बंद रहेंगे सभी सरकारी कार्यालय
इसमें भी कोशिश यह करनी है कि अगर आस-पड़ोस का कोई व्यक्ति दुकान गया हो और जानकारी में हो तो कुछ देर बाद निकला जाए। जारी किए गए सोशल दूरी बनाए रखने की गाइडलाइंस को फॉलो करना होगा। इसके अलावा समय-समय पर जिलों के उपायुक्त जरूरत के अनुसार अनुमति दे सकते हैं। हिमाचल में अब तक 72 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। दो मरीजों के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।
हालांकि इन दोनों की फाइनल रिपोर्ट आज पुणे से आएगी। 69 लोगों के सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कोरोना के प्रकोप को कम करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर जयराम सरकार ने मंगलवार से तीन दिन यानी 26 मार्च तक प्रदेश के सरकारी कार्यालय बंद रखने का एलान किया है। इस दौरान सिर्फ इमरजेंसी सेवा वाले कार्यालय और कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगे। यह भी निर्देश हैं कि कर्मचारी अपना स्टेशन न छोड़ें। ब्यूरो
जरूरत पर बुलाए जाएंगे कर्मचारी, छुट्टी के दौरान नहीं कटेगा वेतन
सरकार ने सभी नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जरूरत के अनुसार रोटेशन पर कर्मचारियाें को दफ्तर बुलाएं। रोटेशन के दौरान छुट्टी पर रहने वाले कर्मियों का वेतन नहीं काटा जाएगा। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने एक आदेश जारी कर दिया है। सरकार के इस आदेश के बाद दो लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों के अलावा करीब पांच लाख दैनिक भोगी, पार्टटाइम, अनुबंध और आउटसोर्स कर्मियों को लाभ मिलेगा।
घरों में ही रहेंगे 9 मार्च के बाद विदेश से आए लोग
आदेश के अनुसार नौ मार्च या उसके बाद विदेश से आए सभी लोगों को सख्ती के साथ घरों में ही रहने को कहा है। ऐसे लोगों को जिला सर्विलांस अफसर या 104 पर कॉल कर अपने आने की सूचना दर्ज करानी होगी। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई होगी।
आज से इतने बजे तक खुले रहेंगे बैंक
कोरोना वायरस से बचाव के लिए आज 24 मार्च से प्रदेश में बैंक सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक ही खुलेंगे। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की आपात बैठक में यह फैसला लिया गया। ग्राहकों से मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग का अधिक से अधिक प्रयोग करने की अपील भी की गई है।
बैंकर्स समिति के प्रदेश संयोजक जेएन कश्यप ने बताया कि लॉकडाउन के चलते यह फैसला लेना पड़ा है। बैंकों में 31 मार्च तक तक ग्राहकों की सेवा के लिए बैंक 10 से दो बजे तक ही खुले रहेंगे। पहले शाम चार बजे तक बिजनेस आवर्स थे।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रदेश में किए गए लॉकडाउन को देखते हुए इस सेवा को दो घंटे के लिए घटाया गया है। उन्होंने बताया कि एटीएम सुचारू तौर पर कार्य करेंगे। सरकार के आदेशानुसार बैंकों में स्टाफ की संख्या को 50 फीसदी कम करने का भी राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति ने फैसला लिया है।