Coronavirus in Himachal: कुल्लू में एक साथ 47 कोरोना पॉजिटिव, प्रदेशभर में 122 संक्रमित
हिमाचल के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, उनकी दो बेटियों और पीएसओ समेत प्रदेश में वीरवार को कोरोना के 122 नए मामले सामने आए। ऊर्जा मंत्री को रिपन अस्पताल में और उनकी बेटियों को मशोबरा कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया। मंत्री की बेटी और पत्नी का जांच के लिए सैंपल शुक्रवार को नाहन में लिया जाएगा। फिलहाल मंत्री के परिवार और सचिवालय के कर्मियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। एसीएस हेल्थ आरडी धीमान ने इसकी पुष्टि की है।
ऊर्जा मंत्री ने सोशल मीडिया पर भी खुद के पॉजिटिव होने की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जो भी उनके संपर्क में आए हैं, वे खुद को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। करीब पांच दिन पहले मंत्री बनने के बाद सुखराम चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एक साथ पांवटा गए थे। इसके अलावा पांवटा साहिब में उनके निजी सहायक (प्राइवेट) और उनका मित्र भी ट्रूनेट मशीन में हुई सैंपल जांच में पॉजिटिव निकला है।
इन दोनों के पॉजिटिव होने की पुष्टि नाहन मेडिकल कॉलेज की कोविड लैब में जांच के बाद ही होगी। डीसी सिरमौर आरके परुथी ने बताया कि ऊर्जा मंत्री जिन-जिन इलाकों में गए हैं, उन्हें शुक्रवार को सैनिटाइज किया जाएगा। उधर वीरवार को आए अन्य मामलों में कुल्लू में एक साथ 47, हमीरपुर में 17, सोलन जिले में 15, ऊना में 14, बिलासपुर में 7 नए मामले सामने आए हैं। शिमला में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के अलावा एसएसबी के पांच जवान संक्रमित हुए हैं। मंडी में 7, कांगड़ा में मां-बेटी समेत 4, सिरमौर में 3 और चंबा जिले के चुवाड़ी में बिहार से लौटी महिला की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। किन्नौर में भी एक मामला सामने आया है। उधर सिरमौर में 37 और कांगड़ा में 17 मरीज ठीक हुए हैं।
ऊर्जा मंत्री के साथ आज प्रस्तावित थी बिजली बोर्ड की बैठक
कोरोना संक्रमित हो चुके ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के साथ शुक्रवार को बिजली बोर्ड के अधिकारियों की बैठक प्रस्तावित थी। मंत्री पद संभालने के बाद उनकी यह पहली विभागीय बैठक थी। इनकी अभी किसी विभागीय अधिकारी से भी मुलाकात नहीं हुई है।
कुल्लू जिले में एक ही दिन में कोरोना के 47 नए मामले आए हैं। इससे लोगों में हड़कप मच गया है। इनमें से अधिकतर बाहरी राज्यों से सेब सीजन के लिए आए कामगार हैं। जिले में एक ही दिन में एक साथ 47 मामले आने के बाद घाटी के लोगों में डर का माहौल है। ऐसे में जिले में कोरोना का खतरा बढ़ गया है। जरा सी चूक बागवानों को भी मुश्किल में डाल सकती है। वहीं, दूसरी ओर जिला में अब कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 65 हो गई है, जबकि अब तक जिला में 86 केस सामने आए हैं।
जिले में अब तक चार महीनों में जितने मामले नहीं आए थे। उतने एक ही दिन में आने से लोग डर गए हैं। वीरवार को जिले में दो कोरोना संक्रमित मरीजों ने भी कोरोना को मात दी है। अब तक जिला में कुल 21 संक्रमित कोरोना को हरा चुके हैं। कोरोना संक्रमित इन सभी मरीजों को आइसोलेट करने की तैयारी की जा रही है। इन्हें कुल्लू में बनाए गए कोविड अस्पताल में रखा जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि वीरवार को जिले में कोरोना के 47 नए मामले सामने आए हैं।
जिला ऊना के 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 233 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा कोरोना संक्रमित के सात फॉलोअप सैंपल में दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि पांच सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव के अब तक 264 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसमें 174 स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 90 सक्रिय मामले हैं। वीरवार को ऊना जिले से जांच के लिए टीएमसी भेजे गए सैंपलों में से 14 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें ऊना उपमंडल के देहलां गांव के आठ लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे।
इन्हें घर पर ही क्वारंटीन किया गया था। इसके अलावा हरोली उपमंडल के हलेड़ा गांव की दो महिलाओं की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उधर टब्बा गांव का 21 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हरोली उपमंडल के बढ़ेडा गांव की 60 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव हुई हैं। उपमंडल बंगाणा के घरवासडा गांव का 55 वर्षीय बीएसएफ जवान भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा ऊना उपमंडल के कोटलकलां गांव 49 वर्षीय व्यक्ति जो दिल्ली से लौटा है कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. रमन कुमार ने उन्होंने बताया कि सभी 14 कोरोना पॉजिटव पाए गए लोगों को आईसोलेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सोलन जिले के अर्की उपमंडल में पंडित के संपर्क में आई दुल्हन कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं, बीबीएन में 11 मामलों के साथ जिले में 15 कोरोना संक्रमित आए हैं। बद्दी में सीधे संपर्क वाले तीन, सात यात्री और शिवालिक नगर बद्दी का एक व्यक्ति शामिल है। सायरी में सीधे संपर्क वाले दो लोगों में एक दुल्हन भी शामिल है।
दुल्हन अर्की के पंडित के संपर्क में आई बताई जा रही है जबकि दूल्हे की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोलन के क्लीन में क्वारंटीन केंद्र से एक और परवाणू में चिकित्सकों के परामर्श पर एक मामला शामिल है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि जिला से 15 नए मामले आए हैं।