CoronaVirus in Himachal: सोलन में एक साथ 73 पॉजिटिव मरीज, प्रदेशभर में रिकॉर्ड 186 मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 186 मामले आए हैं। सोलन जिले में सबसे ज्यादा 73 नए मामले आए हैं। सिरमौर जिले के पांवटा में 20, मंडी 21, चंबा 11, कांगड़ा छह, बिलासपुर 28, किन्नौर में 10, हमीरपुर चार, ऊना तीन, शिमला पांच और कुल्लू पांच में कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 4434 पहुंच गया है। 1381 सक्रिय मामले हैं। 2992 मरीज ठीक हो चुके हैं। बुधवार को 69 और मरीज ठीक हो गए हैं। राज्य में 20 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 40 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं। सिरमौर जिले के राजगढ़ शहर के एक निजी स्कूल का संस्थापक चंडीगढ़ में पॉजिटिव निकला है।
मंडी जिले में कोरोना संक्रमण के 21 नए मामले आए हैं। जिनमें ज्यादातर बलद्वाड़ा इलाके के हैं, जो पहले के संक्रमितों के प्राथमिक संपर्क बताए जा रहे हैं। जिला शिमला में कोरोना के पांच नए मामले आए। इसमें मतियाना में एक ही परिवार के तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा एक व्यक्ति शिमला शहर के कृष्णानगर वार्ड से पॉजिटिव आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मतियाना के तीनों मरीजों को कोविड केयर सेंटर मशोबरा शिफ्ट कर दिया है। वहीं कृष्णानगर के व्यक्ति को रिपन अस्पताल भेजा है। जिला निगरानी ऑफिसर डॉ. राकेश भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की है।
मतियाना में पॉजिटिव आए तीन लोग एक सेब आढ़ती के परिवार के सदस्य हैं। इसमें आढ़ती भी पॉजिटिव आए सदस्यों में ही शामिल हैं। वहीं, कृष्णानगर में पॉजिटिव आया दूसरा व्यक्ति उसी परिवार का सदस्य है जिसमें पहले एक 21 साल का युवक संक्रमित निकला था। मंगलवार को पॉजिटिव आया व्यक्ति हिमाचल विवि में नौकरी करता है। प्रदेश यूनिवर्सिटी में एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद विभाग को सील कर दिया गया है। संक्रमण का मामला सामने आने के बाद ईसी कोर्ट चुनाव भी टल सकते हैं। कर्मचारी संघ एचपीयू को सात दिनों के लिए बंद रखने की मांग को लेकर कुलपति से मुलाकात कर रहे हैं।
बिलासपुर जिले में 28 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। देर रात एक साथ 25 नए मामले आए हैं। कांगड़ा जिले में कोरोना संक्रमण के छह नए मामले आए हैं। सोलन जिले में शाम को 73 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। पॉजिटिव मामले बद्दी, नालागढ़, कंडाघाट, सोलन, परवाणू और सीएचसी नालागढ़ का से आए हैं। कुल्लू जिले में आज पांच मामले आए हैं। जिसमें एक सेना का एक जवान और एक महिला शामिल है। सेना का जवान केरल से आया है जबकि महिला का उपचार आईजीएमसी शिमला में चल रहा है। पुलिस ने महिला के प्राथमिक संपर्क में आए परिवार के नौ लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। 11 नए मामलों के साथ चंबा में आंकड़ा 309 पहुंच गया है। 100 सक्रिय मामले हैं और 207 मरीज ठीक हो चुके हैं। हमीरपुर में सेना के तीन जवानों समेत चार नए मामले आए हैं।
सीएम सिक्योरिटी के अब तक 20 लोग हो चुके संक्रमित
सीएम सिक्योरिटी के कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ओकओवर में सामान्य आवाजाही बंद कर दी गई है। मुख्यमंत्री ज्यादातर काम सचिवालय में ही निपटाएंगे। सीएम सिक्योरिटी के अब तक 20 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
ऊर्जा मंत्री और उनकी दोनों बेटियों की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव
आईजीएमसी में भर्ती ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी और उनकी दोनों बेटियों की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। गुरुवार को तीनों डिस्चार्ज हो सकते हैं।
आईजीएमसी में दाखिल दून के विधायक की हालत में सुधार
कोरोना संक्रमित दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी आईजीएमसी के आईसोलेशन वार्ड में दाखिल हैं। आईजीएमसी के प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने बताया कि बुधवार शाम को उनकी हालत में सुधार हुआ है।