हिमाचल में चार कोरोना संक्रमितों की मौत, पीटीसी डरोह में 22 प्रशिक्षुओं समेत प्रदेश में 238 मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में चार और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। सोमवार सुबह मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दो संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। नाभी सरकाघाट के कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। वहीं कुल्लू के परिणी के 36 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, किन्नौर से शिमला रेफर किए गए एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति ने आईजीएमसी शिमला में दम तोड़ दिया। उपायुक्त गोपाल चंद ने कहा कि आईटीबीपी का एक जवान 25 सितंबर को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में लाया गया था। इसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। हालांकि, जवान पहले ही दिल, मधुमेह और अन्य बीमारियों से पीड़ित था। इसके चलते उसे शिमला रेफर किया गया था। सिरमौर के पांवटा साहिब के वार्ड-8 मुख्य बाजार के 55 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए पांवटा अस्पताल ले गए। कोरोना टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। लेकिन संक्रमित ने उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया। बीएमओ डॉ. अजय देओल ने मौत की पुष्टि की है।
वहीं, प्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस के 238 नए मामले आए हैं। हमीरपुर जिले में 27, सोलन 11, शिमला 35, कांगड़ा 69, मंडी 24, बिलासपुर 15 , सिरमौर 13, चंबा 7, ऊना 7, कुल्लू 16 और लाहौल स्पीति में 14 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 14457 पहुंच गया है। 3650 सक्रिय मामले हैं। अब तक 10607 मरीज ठीक हो चुके हैं। सोमवार को 268 और मरीज ठीक हो गए। 175 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। एसडीएम शिमला ग्रामीण की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। शिमला जिले में संजौली, नाभा, घनाहट्टी, समरहिल, कसुम्पटी, न्यू शिमला, मशोबरा, कैथू, कंडा, रामपुर, चौपाल, जुब्बल, सेना अस्पताल, रोहड़ू, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, सोलन, मंडी और सिरमौर के 35 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। कांगड़ा जिले में पालमपुर के डरोह में स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में दो पुलिस कर्मी और 22 प्रशिक्षु पॉजिटिव आए हैं। इन सभी को डरोह में ही आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा जिला कांगड़ा में 45 अन्य लोग भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित पाए गए हैं। इसमें उपमंडल कांगड़ा के दरकाटी गांव के सात लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। कुल्लू में 16 कोरोना संक्रमित मामले आए हैं। इसमें प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल होने वाली गाड़ियों के छह चालक भी शामिल है। इनका आज कुल्लू अस्पताल में टेस्ट हुआ था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
कोरोना का खौफ बढ़ा, अस्पताल जाने से भी डर रहे मरीज
हिमाचल के अस्पतालों में कोरोना से बचाव के इंतजामों में अव्यवस्था होने से मरीज इलाज करवाने से भी डर रहे हैं। लोग सोच रहे हैं कि अगर मंत्रियों और रसूखदार लोगों में ही खौफ है तो आम जनता का क्या होगा। ऐसे में साधारण बीमारियों का इलाज करने को लोग बड़े अस्पतालों में कम ही जा रहे हैं। चाहे टूटी हड्डियों का मामला हो या महिलाओं का प्रसव, लोग देसी इलाज को तरजीह दे रहे हैं। पॉजिटिव आने के बाद ज्यादातर लोग अब होम आइसोलेशन में रह रहे हैं। सर्दी-जुकाम और वायरल के लिए भी देसी नुसखे अपना रहे हैं। दूसरा, अस्पतालों में भी ढंग से उपचार नहीं मिल रहा है। स्टाफ का भी टोटा है।
सरकार के वरिष्ठ मंत्री महेंद्र सिंह के आपबीती सुनाने के बाद ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने भी अस्पतालों में आधारभूत ढांचा विकसित करने को सख्त जरूरत बताया है। दोनों मंत्री पॉजिटिव होने के बाद आईजीएमसी शिमला में भर्ती थे। हालांकि, सुखराम चौधरी ने डॉक्टरों के कार्य को सराहा भी। हिमाचल में 39 सौ से ज्यादा कोरोना के एक्टिव मामले आए हैं। इनमें 2 हजार से अधिक ऐसे लोग हैं, जो अस्पताल के उपचार कराने के बजाय घर में ही आइसोलेट हैं। इसका कारण अस्पताल में कोरोना को लेकर व्यवस्था ठीक न होना है। अब मौत के लगातार आंकड़े बढ़ने आंकड़े और शिमला में पॉजिटिव महिला का अस्पताल में आत्महत्या करना लोगों में भय पैदा कर रहा है।
हिमाचल में बढ़ रहा डेथ रेट
हिमाचल में कोरोना का डेथ रेट बढ़ रहा है। एक महीने पहले डेथ रेट 0.5 फीसदी था, अब बढ़कर 1 फीसदी हो गया है। मृत्यु दर में इजाफा होने से सरकार की चिंता बढ़ रही है। रिकवरी रेट भी 70 फीसदी हुआ है। हिमाचल में कोरोना से मौत का आंकड़ा 148 हो गया है। जिला कांगड़ा में सबसे ज्यादा 37 मौतें, सोलन और शिमला 25-25, मंडी में 20 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है।