कोरोना वायरस: हिमाचल के सभी आंगनबाड़ी केंद्र, शैक्षणिक संस्थान 31 मार्च तक बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत समेत दुनियाभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही प्रदेश की जयराम सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार की एडवाइजरी के बाद प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, क्रेच और सिनेमाघर आदि को 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल खत्म होने के बाद सदन में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके साथ ही सरकार ने प्रदेश भर में होने वाले सभी प्रकार के सार्वजनिक समारोहों, सभाओं, मेले, त्योहारों और खेलकूद प्रतियोगिताओं को भी स्थगित करने की अधिसूचना जारी कर दी है। हालांकि यह स्पष्ट किया कि इस दौरान शिक्षण संस्थानों में सभी प्रकार की परीक्षाएं जारी रहेंगी। इसके साथ ही सभी प्रकार की बैठकें और कार्यशालाएं भी 31 मार्च तक बंद करने के आदेश दिए हैं।
वहीं, कुछ समय अवधि के लिए आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों में जनसाधारण के लिए एकत्र न होने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के इस कदम को सकारात्मक रूप से लिया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अपनी और अपने प्रियजनों की सुरक्षा के लिए सरकार के इस कदम में सहयोग देंगे, क्योंकि इस बीमारी से सतर्क रहकर बचा जा सकता है।
हिमाचल में अभी कोई केस नहीं
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में अभी तक कुल 593 लोग कोरोना प्रभावित देशों से आए हैं और उन्हें निरंतर निगरानी पर रखा गया है। इनमें से 372 लोगों की सूचना भारत सरकार के ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन से मिली है, जबकि 221 लोगों ने स्वयं इन प्रभावित देशों से आने की सूचना दी है।
सीएम ने कहा कि इनमें से सात लोगों में खांसी, जुकाम, बुखार के लक्षण मिलने पर आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया, लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
कोरोना का असर
बिलासपुर में 17 मार्च से शुरू होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले को स्थगित कर दिया गया है। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की वार्षिक एथलीट मीट रद्द कर दी गई है। सुंदरनगर में 17-22 मार्च तक होने जा रहे राज्यस्तरीय नलवाड़ मेले को स्थगित कर दिया गया है।
ज्वालाजी के बाद अब चामुंडा में भी खुले में लंगर लगाने पर रोक लगा दी गई है। कांगड़ा के प्रवेशद्वार कंडवाल में विदेशी सैलानियों की चेकिंग की जा रही है। स्कूलों में विद्यार्थी मास्क पहनकर परीक्षा देने जा रहे हैं। हिमाचल में थाइलैंड, इंडोनेशिया से पहुंचे सात लोग निगरानी में हैं।
ये भी उठाए कदम
- कोरोना के चलते पालमपुर नहीं आईं स्मृति ईरानी, वीडियो कांफ्रेंस से किया संबोधित
- बिलासपुर में 17 मार्च से शुरू होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले स्थगित
- राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की वार्षिक एथलीट मीट रद्द
- सुंदरनगर में 17 से 22 मार्च से होने जा रहे राज्यस्तरीय नलवाड़ मेले स्थगित
- ज्वालाजी के बाद अब चामुंडा में भी खुले में लंगर लगाने पर रोक
- कांगड़ा के प्रवेशद्वार कंडवाल में विदेशी सैलानियों की चेकिंग
- स्कूलों में विद्यार्थी मास्क पहनकर जा रहे परीक्षा देने
- हिमाचल में पहुंचे थाइलैंड, इंडोनेशिया से सात लोग निगरानी में