जमाखोरी और मुनाफाखोरी करने वालों पर नजर, होगी कार्रवाई: जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम को लोगों की सुविधा के लिए खुले बाजारों में आवश्यक वस्तुओं को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम के डिपो में बफर स्टॉक सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयास करने को कहा। कहा कि जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर नजर रहेगी और उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए बुधवार को जरूरी वस्तुओं की स्थिति, पौधों की सुरक्षा सामग्री और बागवानी इनपुट के भंडार की समीक्षा की। उन्होंने राज्य में बुधवार से आरंभ एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के कार्यान्वयन में पंचायती राज संस्थानों की भूमिका की समीक्षा भी की। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता कोविड-19 के लक्षणों के बारे में लोगों को घर द्वार पर जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
दालों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने के लिए उठाएं कदम
जयराम ठाकुर ने कहा कि दालों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने के लिए उचित कदम उठाने जाने चाहिए, क्योंकि इनकी खरीद अन्य राज्यों से की जानी हैं। अधिकारी थोक विक्रेताओं से भी संपर्क करें, ताकि आपूर्ति प्रभावित न हो सके। उन्होंने अधिकारियों को घुमंतू गद्दी और गुज्जर समुदाय के लोगों को भी पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
यह रहे बैठक में मौजूद
मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय गुप्ता और मनोज कुमार, प्रधान सचिव जगदीश शर्मा और संजय कुंडू, सचिव डॉ आरएन बत्ता और अमिताभ अवस्थी, प्रबंध निदेशक खाद्य आपूर्ति निगम मानसी सहाय ठाकुर, निदेशक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आबिद हुसैन सादिक, निदेशक बागवानी एमएम शर्मा, निदेशक पशुपालन डॉ. प्रियदर्शनी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित रहे।
प्रत्येक गांव में फफूंदनाशक की आपूर्ति करने को कहा
मुख्यमंत्री ने बागवानी विभाग के अधिकारियों को घर द्वार अथवा प्रत्येक गांव में फफूंदनाशक की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मधुमक्खी के बक्सों और बागवानों के लिए एंटी हेलनेट की आपूर्ति समयबद्ध तरीके से करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गत तीन दिनों में 1.81 लाख पौधों में से लगभग एक लाख से अधिक पौधे किसानों को वितरित किए जा चुके हैं और आगामी तीन दिनों में शेष पौधे भी वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामाजिक दूरी और कोरोना वायरस से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। जयराम ठाकुर ने चारे की सुचारु आपूर्ति के लिए समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
लोगों को पैसे निकालने में न आए कठिनाई
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को शिमला में राज्य के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना महामारी के कारण देश के साथ-साथ राज्य में उत्पन्न स्थिति के दृष्टिगत लगाए गए कर्फ्यू की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कर्फ्यू में ढील के दौरान आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि होम डिलीवरी सिस्टम को मजबूत किया जाए, ताकि लोगों को आवश्यक वस्तुओं को लेने के लिए घरों से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू के दौरान कोई ढील न बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बैंक खुले रहें, ताकि लोगों को पैसे प्राप्त करने में कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बैंकरों को कर्फ्यू पास दिए जाएं, ताकि उनकी दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों में कोई बाधा न आए और वे अपने बैंकिंग कार्य को छूट के दौरान नियमित बैंकिंग घंटों के बाद भी जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि इससे बैंकों को अपने ग्राहकों को भुगतान करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने जिला प्रशासन से बैंकों और एटीएम में सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग संवाददाताओं को पास उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि वह लोगों को उनके घर पर विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवा सकें।मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची ने राज्य में आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया। पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी ने राज्य के बाहर किसी भी धार्मिक सभाओं में भाग लेने के बाद व्यक्तियों पर पुलिस कर्मियों को कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा। प्रमुख सचिव परिवहन जेसी शर्मा ने आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई करने वाले ट्रकों को सुचारू बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि इन वस्तुओं की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखा जा सके।