मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी के कारगिल युद्ध पर विवादित बोल, बाद में स्पष्टीकरण का जारी किया बयान
प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा के लोग यह कह रहे हैं कि कांग्रेस ने रजवाड़ों को ही टिकट दिया है और हम आम जनता की बात करते हैं। ऐसा नहीं है। भाजपा ने फौजी को टिकट इसलिए दिया कि उन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया। कारगिल युद्ध कोई बहुत बड़ा ऐसा युद्ध नहीं था। वह हमारी धरती थी, जिस पर पाकिस्तानियों ने कब्जा किया था। उनको खदेड़ने व हटाने की बात थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नाड़ी में जनसभा के दौरान विवादित बोल सुनने को मिले। उन्होंने भाजपा पर कारगिल युद्ध पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग यह कह रहे हैं कि कांग्रेस ने रजवाड़ों को ही टिकट दिया है और हम आम जनता की बात करते हैं। ऐसा नहीं है। भाजपा ने फौजी को टिकट इसलिए दिया कि उन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया। कारगिल युद्ध कोई बहुत बड़ा ऐसा युद्ध नहीं था। वह हमारी धरती थी, जिस पर पाकिस्तानियों ने कब्जा किया था। उनको खदेड़ने व हटाने की बात थी। अगर उसमें किसी ने भाग लिया तो भाजपा उसका श्रेय लेना चाहती है। सैनिकों के वोट पर भाजपा की नजर है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम अपने प्रत्याशी को कारगिल युद्ध के मुख्य हीरो के तौर पर प्रचारित कर रहे हैं।
कारगिल युद्ध के नाम पर भाजपा इस चुनाव में सेना के पराक्रम को अपनी जीत बता कर उनकी भावनाओं से खेल रही है। हालांकि इसके बाद प्रतिभा सिंह की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने कारगिल योद्धाओं पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने केवल इतना कहा है कि यह युद्ध भाजपा सरकार की विफलता का परिणाम था। सोमवार को उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र में अपनी चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आधुनिक हिमाचल के निर्माता वीरभद्र सिंह उनके बीच नही है, पर उनके आदर्श, उनका प्यार, आशीर्वाद आज भी हमारा मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने इस चुनाव क्षेत्र का चार बार सांसद के तौर पर प्रतिनिधित्व किया, जबकि प्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने छह बार प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर लोगों के दिलों में एक विशेष जगह बनाई। उनके निधन से उन्हें ही नही पूरे प्रदेश को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई असंभव है।
भाजपा ने घेरा, प्रतिभा का वीडियो वायरल
भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी ने देश और भारतीय सेना का अपमानकिया है। प्रतिभा सिंह हार देख बौखला गई हैं। उधर, प्रतिभा सिंह के बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कुशाल ने नाम के आगे बिग्रेडियर तो पीछे ठाकुर लिखवाया
मंडी लोकसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। भाजपा प्रत्याशी कुशाल चंद ने कुशाल के आगे बिग्रेडियर और सरनेम में ठाकुर लगाने का आवेदन किया था, जिसे नियमों के तहत स्वीकार कर लिया गया। अब बैलेट पेपर में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर बिग्रेडियर कुशाल ठाकुर नाम चढ़ेगा। अब 13 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 13 अक्तूबर को नाम वापस लेने की समयावधि पूर्ण होने के उपरांत उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 30 अक्तूबर को मतदान होगा। दो नवंबर को मतगणना होगी।