कोरोना वायरस के मामले सामने आने के बाद ऊना में पूर्ण कर्फ्यू, नहीं मिलेगी किसी तरह की छूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के ऊना जिले के अंब की नकड़ोह मस्जिद में ठहरे तीन लोगों के कोरोना वायरस पॉजिटिव होने के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है। देर शाम को इन मामलों की पुष्टि होने के बाद जिला में आगामी आदेशों तक पूर्ण कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। मस्जिद के आसपास तीन किलोमीटर क्षेत्र को सील कर दिया है जबकि पांच किलोमीटर क्षेत्र को बफर जोन बनाया गया है।
फिलहाल जिले के लोगों को जरूरी सामान के लिए भी बाहर निकलने की भी अनुमति नहीं होगी। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि एहतियातन जिला में पूर्ण कर्फ्यू लागू कर दिया है। लोग आगामी आदेशों का पालन करें और घरों से बाहर बिल्कुल न निकलें। गौरतलब है कि दिल्ली स्थित निजामुद्दीन मरकज में हुए जलसे में हिमाचल के लोग भी शामिल हुए थे। इन्हें जिला प्रशासन ट्रेस किया था।
इनके सैंपल जांच के लिए टीएमसी भेजे थे। इनमें से तीन लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह सूचना मिलते ही जिला में हड़कंप की स्थिति हो गई। उपायुक्त ने एहतियात के तौर पर पूरे जिला में टोटल कर्फ्यू लागू कर दिया है। इससे पहले लोगों को सुबह 7 से 10 बजे तक जरूरी सामान लेने के लिए छूट दी जा रही थी। लेकिन अब आगामी आदेशों तक यह छूट भी नहीं मिलेगी।
दिल्ली से लौटे 12 लोगों के सैंपल लिए
वहीं, स्वास्थ्य महकमे ने दिल्ली में एक धार्मिक कार्यक्रम से लौटे 12 लोगों के सैंपल लिए हैं। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक आएगी। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि 20 व्यक्तियों के टेस्ट पहले हुए थे। सभी की रिपोर्ट सामान्य है। जिले में बाहर से 910 व्यक्तियों को क्वारंटीन सेंटर में रखा है।उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि पेंशन निकालने या बैंक से संबंधित किसी अन्य कार्य में लॉकडाउन के दौरान कोई दिक्कत नहीं होगी। कर्फ्यू के दौरान बैंक सुबह 8 से 10 बजे तक खुले हैं। जिला ऊना में 142 बीसीए (बैंक कॉमर्शियल एजेंट) भी हैं।
बीसीए भी नकद लेन-देन का कार्य करते हैं। 10 बजे तक जो भी ग्राहक बैंक के अंदर होंगे, उनके कार्य किए जाएंगे। काम खत्म होने के बाद संबंधित अधिकारी उन्हें एक स्लिप देंगे, जिस पर बैंक से जाने का समय अंकित होगा। उपायुक्त ने कहा कि फसल कटाई का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में एपीएमसी सचिव, उप निदेशक कृषि, विषय वाद विशेषज्ञ, एडीओ व उप निदेशक बागवानी खेतों में काम करने वाले मजदूरों को पास जारी करेंगे। खेतों में काम करने के लिए किसान को किसी पास की आवश्यकता नहीं है। सभी को सामाजिक दूरी को ध्यान में रखकर काम करना होगा।