{"_id":"63b96bd2e691010f9d6dbb58","slug":"cm-sukhvinder-singh-sukhu-reached-shimla-statement-on-cabinet-expansion","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal News: कल होगा सुक्खू सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, सात मंत्री ले सकते हैं शपथ, तैयारियां शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal News: कल होगा सुक्खू सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, सात मंत्री ले सकते हैं शपथ, तैयारियां शुरू
Sat, 07 Jan 2023 10:00 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Sat, 07 Jan 2023 10:00 PM IST
सार
सुक्खू सरकार का रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार होगा।छह से सात मंत्री राजभवन में सुबह शपथ ले सकते हैं। शनिवार को दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी कांग्रेस विधायकों को शिमला बुला लिया है।
विज्ञापन
शिमला पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विधानसभा चुनाव का परिणाम जारी होने के एक माह बाद रविवार को सुक्खू सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा। छह से सात मंत्री राजभवन में सुबह शपथ ले सकते हैं। शनिवार को दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी कांग्रेस विधायकों को शिमला बुला लिया है। हालांकि मुख्यमंत्री ने शनिवार देर रात तक मंत्रियों के नामों को लेकर पत्ते नहीं खोले। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस आलाकमान के पाले में गेंद डालते हुए दिल्ली से मंत्रियों की सूची जारी होने की बात कही। मंत्री पद के लिए अभी चंद्र कुमार, सुधीर शर्मा, हर्षवर्द्धन चौहान, धनीराम शांडिल, जगत सिंह नेगी, विक्रमादित्य सिंह और रोहित ठाकुर के नाम आगे हैं।
विज्ञापन
राजभवन शिमला में रविवार सुबह 10:00 बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री शनिवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली से शिमला लौटे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की है। उधर, कांग्रेस आलाकमान ने विरोध से बचने के लिए पहले चरण में सिर्फ छह से सात मंत्री बनाने का फार्मूला तय किया है। जिला स्तर पर संतुलन बैठाने की जगह कांग्रेस फिलहाल संसदीय क्षेत्र के आधार पर संतुलन बनाने की तैयारी में है। हमीरपुर संसदीय सीट को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का पद मिल चुका है। ऐसे में पहले चरण में बिलासपुर से मंत्री बनने की संभावना कम है। कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट को विधानसभा अध्यक्ष के बाद दो मंत्री पद दिए जा सकते हैं। शिमला संसदीय सीट को तीन से चार मंत्री मिल सकते हैं।
विज्ञापन
इसी महीने से हिमाचल में बहाल होगी पुरानी पेंशन योजना : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि इसी महीने से हिमाचल में पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी। शनिवार शाम को दिल्ली से शिमला लौटते ही मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द होगी राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश को बनाया और संवारा है। पहली ही बैठक में पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के लिए कांग्रेस सरकार वचनबद्ध है।
विज्ञापन
शिमला से मुंबई जाएंगे मुख्यमंत्री सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू रविवार दोपहर बाद शिमला से मुंबई जाएंगे। मुख्यमंत्री का पुणे में किसी कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री की शिमला वापसी को लेकर अभी आगामी शेड्यूल तय नहीं हुआ है।
इंदौरा में कांग्रेस नेताओं से बैठक करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 19 जनवरी को जिला कांगड़ा के इंदौरा में कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे। 19 जनवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल में प्रवेश करेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित सभी कांग्रेस विधायक और नेता भी मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी के 19 जनवरी को इंदौरा में ही रात्रि विश्राम करने की संभावना है। अगले सप्ताह भारत जोड़ो यात्रा का विस्तृत शेड्यूल प्रदेश कांग्रेस को मिलेगा।