Himachal: सीएम सुक्खू बोले- सूबे में बनेगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग
प्रदेश सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग का सृजन करने पर विचार किया जा रहा है। देशभर में इस तरह की महत्वाकांक्षी पहल पहली बार होगी।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम मेधा) का उपयोग किया जाएगा। प्रदेश सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग का सृजन करने पर विचार किया जा रहा है। देशभर में इस तरह की महत्वाकांक्षी पहल पहली बार होगी।
स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हमीरपुर में राष्ट्रीय कैंसर केंद्र स्थापित करने जा रही है। इसके लिए सभी औपचारिकताएं चरणबद्ध तरीके से पूर्ण की जा रही हैं। इस केंद्र में मुख्य तौर पर अस्पताल, पैलिएटिव केयर, सेंटर फॉर प्रिवेंटिव ऑन्कोलोजी और सेंटर फॉर मॉलीक्यूलर ऑन्कोलोजी विभाग होंगे। इस केंद्र में हाई-एंड प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा और विश्व स्तरीय डायग्नोस्टिक लैब स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से वर्तमान में राज्य में कार्यशील कैंसर केयर यूनिट को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेंढारकर, डॉ. जीके रथ, डॉ. सीएम त्रिपाठी, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, स्वास्थ्य सचिव एम सुधा देवी, सीएम प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, मिशन निदेशक एनएचएम प्रियंका वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।