हिमाचल: खालिस्तानी झंडे लगाने का आरोपी युवक पंजाब के मोरिंडा से गिरफ्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा के मुख्य द्वार और गेट पर खालिस्तानी झंडे लगाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धर्मशाला के तपोवन स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मुख्य गेट पर गत शनिवार रात खालिस्तान के झंडे लगाने और दीवारों पर नारे लिखने के आरोप में प्रदेश पुलिस ने पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरबीर सिंह उर्फ राजू (30) पुत्र स्वर्गीय राजिंद्र सिंह निवासी मोरिंडा जिला रूपनगर का रहने वाला है। वहीं, दूसरे आरोपी विनीत सिंह की पंजाब के चमकौर साहिब में तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी हरबीर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी धर्मशाला के नजदीक किसी होम स्टे में रात को ठहरा था। दोनों आरोपी स्कूटर से तपोवन स्थित विधानसभा भवन तक गए और रात को झंडे और दीवारों पर नारे लगाने के बाद इसका वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने मोबाइल टॉवर की लोकेशन और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर पंजाब के मोरिंडा में छापा मारकर आरोपी को पकड़ा है।
मामले में पुलिस अन्य गिरफ्तारियां भी कर सकती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। सीएम ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए धर्मशाला कोर्ट से तलाशी एवं गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है। उधर, थाना सदर मोरिंडा के एसएचओ जसविंदर सिंह ने बताया कि हिमाचल पुलिस ने हरबीर को खालिस्तानी पोस्टर लगाने के शक में पकड़ा है। मंगलवार देर रात से ही हिमाचल पुलिस मोरिंडा में रेकी कर रही थी। बुधवार सुबह शुगर मिल के सामने एक घर में टीम ने छापा मारा और हरबीर को दबोच लिया। राजू ऑन कॉल ड्राइवर का काम करता है। आरोपी को पुलिस मोरिंडा थाने लाई, जहां से कानूनी कार्रवाई के बाद हिमाचल पुलिस उसे अपने साथ ले गई। वहीं, हरबीर की मां लाभ कौर ने कहा कि उनका बेटा किसी ऐसे मामले में शामिल नहीं है।
पुलिस की भनक लगते ही भागा पम्मा
हिमाचल पुलिस को इस मामले में परमजीत सिंह पम्मा निवासी गांव रुड़की हीरां के शामिल होने की भी जानकारी मिली है। ग्रामीणों के अनुसार देर रात सिविल वर्दी में पुलिस कर्मचारी गांव में घूम रहे थे, लेकिन पम्मा को पुलिस की भनक लग गई, जिसके बाद वह फरार हो गया।