शिमला: एचपीयू में एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे
जानकारी के मुताबिक दोपहर बाद एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच पीजी प्रवेश परीक्षा के लिए बनाए आंबेडकर भवन परीक्षा केंद्र के बाहर पुस्तकालय के पास किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद पुस्तकालय के बाहर जब दोनों संगठनों के कार्यकर्ता इकट्ठे हुए तो फिर से विवाद शुरू हो गया और यह मारपीट में बदल गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में दो छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार को मारपीट हो गई। मारपीट की यह घटना विवि कैंपस में पुस्तकालय के बाहर दोपहर बाद हुई। एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच इस दौरान जमकर लात-घूंसे चले। पुलिस जवानों और सुरक्षा कर्मियों ने बीच बचाव कर कार्यकर्ताओं को किसी तरह शांत किया। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक दोपहर बाद एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच पीजी प्रवेश परीक्षा के लिए बनाए आंबेडकर भवन परीक्षा केंद्र के बाहर पुस्तकालय के पास किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद पुस्तकालय के बाहर जब दोनों संगठनों के कार्यकर्ता इकट्ठे हुए तो फिर से विवाद शुरू हो गया और यह मारपीट में बदल गया। कैंपस में तैनात पुलिस जवानों और विवि सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर कार्यकर्ताओं को शांत किया।
हिमाचल विश्वविद्यालय के अब तक का इतिहास गवाह है कि विवि के नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत ही छात्र संगठनों के बीच होने वाली हिंसक घटनाओं से होती है। प्रवेश परीक्षाओं के शुरू होते ही छात्र संगठन सक्रियता दिखाते हैं और हर नए छात्र को अपने साथ जोड़ने के लिए मार्ग दर्शन केंद्र लगाते हैं। इस दौरान छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं में झड़पें भी शुरू हो जाती हैं।
छात्राओं को किए भद्दे कमेंट : रॉकी
एसएफआई की विवि इकाई अध्यक्ष रॉकी ने कहा कि एबीवीपी लगातार एसएफआई कार्यकर्ताओं को हिंसा के लिए उकसाने का प्रयास कर रही है। कहा कि मंगलवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ आए कुछ बाहरी तत्वों ने एसएफआई छात्रा कार्यकर्ताओं पर भद्दे कमेंट किए। इसका विरोध किया तो एबीवीपी कार्यकर्ता उनके साथ और एसएफआई कार्यकर्ता अपनी छात्रा कार्यकर्ता के बचाव में आ गए और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इससे परिसर का माहौल खराब हो रहा। विवि में शिक्षकों के पदों पर हुई गलत भर्तियों से ध्यान बांटने का प्रयास किया जा रहा है। एबीवीपी विवि प्रशासन के साथ खड़ी नजर आती है।
एसएफआई खराब कर रही माहौल : एबीवीपी
एबीवीपी की विवि इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी ने एसएफआई पर आरोप लगाया कि वह परिसर में हिंसा का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। एबीवीपी ने परिसर में प्रवेश परीक्षा देने आने वाले छात्रों का सहयोग करने की अपनी गतिविधियां बढ़ाई हैं, इससे बौखला कर एसएफआई कार्यकर्ताओं ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को हमला किया। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से हथियारों के साथ हमला किया। दो दिनों से एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर एसएफआई कार्यकर्ता गलत टिप्पणी कर रहे हैं। कहा कि हमले की वीडियो में हथियार साफ नजर आ रहे हैं।