शीतकालीन स्कूलों के बच्चे भी देखेंगे परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम, निर्देश जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्दियों की छुट्टियां मना रहे शीतकालीन स्कूलों के विद्यार्थियों को भी परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम दिखाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को जिला उपनिदेशकों और प्रिंसिपलों को पत्र जारी कर शिक्षकों के माध्यम से बच्चों से संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि हर शिक्षक की जिम्मेवारी सुनिश्चित की जाए कि वे अधिक से अधिक बच्चों या उनके अभिभावकों से संपर्क कर 20 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम को टीवी पर देखने के लिए प्रोत्साहित करें। 20 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे विद्यार्थियोें को तनाव दूर करने के टिप्स देंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने विद्यार्थियों के अलावा मुख्यमंत्री, मंत्री, सचिवों, उपायुक्तों सहित अन्य अधिकारियों को भी स्कूलों में कार्यक्रम दिखाने की योजना बनाना शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री को किसी ग्रीष्मकालीन स्कूल में कार्यक्रम दिखाने की योजना बनाई जा रही है। अगर मुख्यमंत्री की व्यस्तता अधिक रही तो सचिवालय में ही कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने का बंदोबस्त किया जाएगा। इसके अलावा सभी मंत्रियों, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिवों, सचिवों और जिला उपायुक्तों से भी संपर्क किया जा रहा है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। सभी ग्रीष्मकालीन स्कूलों में टीवी, कंप्यूटर और इंटरनेट का इंतजाम किया जा रहा है। निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने प्रदेश के सभी विद्यार्थियों से परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को देखने की अपील की है।