Himachal: शिमला के चौपाल क्षेत्र में स्कूल की 11 छात्राओं से छेड़छाड़, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार
शिमला जिले के चौपाल थाना के अंतर्गत एक सरकारी स्कूल की 11 छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 11 छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर पॉक्साे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसडीपीओ चौपाल सुशांत शर्मा ने बताया कि आरोपी की स्कूल के पास ही डेली नीड्स, मनियारी, किराना व कापी-पेंसिल की दुकान है। विद्यार्थी उससे सामान खरीदते हैं। आरोप है कि छात्राएं जब दुकान पर सामान लेने जाती थीं तो वह उन्हें अश्लील तरीके से छूता था। यह सब कई दिनों से चल रहा था। आरोपी ने 11 छात्राओं के साथ इस तरह की अश्लील हरकतें कीं। स्कूल के मुख्याध्यापक ने बताया कि एक छात्रा ने अश्लील हरकतों की जानकारी स्कूल की यौन उत्पीड़न निवारण समिति की अध्यक्ष को दी।
अध्यक्ष ने समिति की बैठक बुलाकर सदस्यों को पूरे मामले से अवगत करवाया। स्कूल प्रबंधन समिति और यौन उत्पीड़न निवारण समिति ने पूरे मामले पर चर्चा करने के बाद पुलिस थाना चौपाल में रपट दर्ज करवाई। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस केस होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। शाम को उसे शिमला के समीप गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को आरोपी न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पीड़ित छात्राओं के धारा 161 के तहत बयान ले लिए गए हैं। जांच का जिमा थाना प्रभारी चौपाल मनोज ठाकुर को दिया है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी हत्या के मामले में 22 वर्ष की सजा काटने के बाद डेढ़ वर्ष पहले ही घर आया था। 55 वर्षीय आरोपी पुलिस बटालियन पंडोह में कमांडो था और सर्विस रिवॉल्वर से एक व्यक्ति की हत्या की थी।
शिक्षा मंत्री रोहित ने तलब की रिपोर्ट
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मामला गंभीर है। जीरो टालरेंस के तहत कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। बच्चों की काउंसलिंग की भी व्यवस्था की जाएगी।
गिरफ्तार कर लिया गया है आरोपी
चौपाल में एक स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि आरोपी पहले हत्या के मामले में सजा काट चुका है। -संजीव गांधी, एसपी शिमला