{"_id":"642c49ad7fc613d66e025396","slug":"boulders-fell-on-moving-truck-in-wangtu-four-injured-in-rally-2023-04-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kinnaur News: वांगतू में चलते ट्रक पर गिरीं चट्टानें, रल्ली में चार घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kinnaur News: वांगतू में चलते ट्रक पर गिरीं चट्टानें, रल्ली में चार घायल
Tue, 04 Apr 2023 09:31 PM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, भावानगर (किन्नौर)
संवाद न्यूज एजेंसी, भावानगर (किन्नौर)
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 04 Apr 2023 09:31 PM IST
सार
बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टानें दरकने का खतरा बना हुआ है। मंगलवार दोपहर किन्नौर जिले के वांगतू के पास एक चलते ट्रक पर पहाड़ी से चट्टानें गिर गईं। घटना में ट्रक चालक बाल-बाल बचा, जबकि ट्रक को खासी क्षति पहुंची है।
विज्ञापन
वांगतू में चलते ट्रक पर गिरीं चट्टानें, रल्ली में चार घायल
- फोटो : संवाद
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मौसम बिगड़ने के कारण झमाझम बारिश हो रही है। ऐसे में किन्नौर जिले के निचले इलाकों में सफर करना खतरों से भरा है। बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टानें दरकने का खतरा बना हुआ है। मंगलवार दोपहर किन्नौर जिले के वांगतू के पास एक चलते ट्रक पर पहाड़ी से चट्टानें गिर गईं। घटना में ट्रक चालक बाल-बाल बचा, जबकि ट्रक को खासी क्षति पहुंची है। पुलिस थाना भावानगर के मुताबिक मंगलवार को एक ट्रक (एचपी 25सी 1172) टापरी से भावानगर की ओर जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब ट्रक नेशनल हाईवे पांच वांगतू पुल से करीब सौ मीटर आगे पहुंचा तो पहाड़ी से अचानक चट्टानें गिर गईं। इसकी चपेट में ट्रक आ गया।
विज्ञापन
गनीमत रही कि ये चट्टानें ट्रक के पिछले हिस्से में गिरीं। हादसे के वक्त ट्रक में केवल चालक सुरेंद्र (40), गांव फनाटा, डाकघर सराहन, तहसील करसोग, जिला मंडी ही सवार था, जो दुर्घटना होने से बाल-बाल बचा। चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण मार्ग पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। एनएच प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर सड़क से चट्टानों को हटाया और हाईवे को यातायात के लिए बहाल किया। मार्ग बहाल होने पर सड़क के दोनों ओर फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु किया। एसडीएम भावानगर विमला वर्मा ने जिले में आने वाले वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने का आह्वान किया है। उन्होंने खराब मौसम में सचेत रहने की भी अपील की है। डीएसपी भावानगर नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि वांगतू पुल से आगे एक ट्रक पर चट्टानें गिरने से ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि ट्रक चालक सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि बाधित एनएच पांच करीब आधे घंटे बाद बहाल कर दिया था। संवाद
विज्ञापन
रल्ली में ट्रक ने बोलेरो जीप को मारी टक्कर, चार घायल
किन्नौर जिले के रल्ली में एक ट्रक ने एक बोलेरो जीप को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो में सवार चार लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक व्यक्ति सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक सोमवार देर शाम एक ट्रक रिकांगपिओ से रामपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक रल्ली जीरो प्वाइंट के पास पहुंचा तो भावानगर से रिकांगपिओ की ओर आ रही बोलेरो जीप से जा टकराया। इस हादसे में जीप में सवार मनोज (27), हुकम सिंह (27), हैपी (27), सभी निवासी उरनी, किन्नौर और दिशांत (28), निवासी मिरू घायल हो गए, जबकि सुशील माथस (26) निवासी उरनी हादसे में सुरक्षित है। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस थाना रिकांगपिओ को दी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही एसआई नवनीत सैनी की अगुवाई में पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और चारों घायलों को उपचार के लिए रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया। हादसे के दो घायलों मनोज कुमार और हैपी को उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक भूपेंद्र (34), गांव अड्डू, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी किन्नौर विवेक चहल ने बताया कि ट्रक और बोलेरो की टक्कर में चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद