JP Nadda: जेपी नड्डा बोले- भारत का विरोध करने वालों को विदेशों में गले लगा रहे कांग्रेस के युवराज
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के युवराज अमेरिका में जाकर भारत की आलोचना करते हैं और देश का विरोध करने वालों के गले मिल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में वंशवाद की राजनीति की संस्कृति को विकासवाद में बदल दिया है। कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दल छल-कपट कर सत्ता हासिल कर रहे हैं। नड्डा बुधवार को ढालपुर के रथ मैदान में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर मंडी संसदीय क्षेत्र की रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने प्रजातंत्र को मजबूती देने का काम किया है।
वोट बैंक की राजनीति को छोड़ रिपोर्ट कार्ड की राजनीति लेकर आए हैं। कांग्रेस ने भाइयों से भाइयों को लड़ाने का काम किया है। जातियों को लड़ाकर फूट की राजनीति कर सत्ता पाने का काम कांग्रेस ने किया है। सत्ता के लिए देश के साथ भी समझौता करना पड़ जाए तो कांग्रेस नेता पीछे नहीं रहेंगे। नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान में ओबीसी आरक्षण को लेकर हिंदुओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के युवराज अमेरिका में जाकर भारत की आलोचना करते हैं और देश का विरोध करने वालों के गले मिल रहे हैं।
2014 से पहले भारत भ्रष्टाचार युक्त, फैसले न लेने वाला और विकास को लटकाने वाला था। अब देश में दमदार, मजबूत और निर्णय लेने वाली सरकार है। तब कांग्रेस के रक्षा मंत्री कहते थे कि सीमा पर सड़क की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि घुसपैठिए घुसपैठ कर लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने सेंगोल को अब संसद भवन में अध्यक्ष की कुर्सी के पीछे स्थापित किया है।
इसे पहले कांग्रेस के युवराज के परनाना ने 1914 में इलाहाबाद के एक म्यूजियम में वॉकिंग स्टिक बनाकर रखा था। कांग्रेस नेता क्या जानें भारत की संस्कृति और रीति-रिवाज क्या होते हैं। कहा कि लोकसभा चुनाव आएगा तो जनता कांग्रेस का डिजाइन बनाएगी। उन्होंने मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा।
छह महीने पहले हमने जहां छोड़ा, वहीं है हिमाचल : जयराम
प्रदेश में छह महीने पहले एक सरकार बनी है। छह महीने पहले हिमाचल को जहां हमने छोड़ा है, प्रदेश अभी भी वहीं है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू के रथ मैदान में जनसभा के दौरान कही। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कहां गईं कांग्रेस सरकार की दस गारंटियां, जिसमें पांच लाख युवाओं को रोजगार की बात की गई थी। महिलाओं के खाते में भी 1500-1500 रुपये नहीं आए।
उन्होंने कहा कि इस सरकार ने आते ही चले हुए संस्थान बंद कर दिए। सरकार काम आगे बढ़ाने के लिए होती है। ताला लगाने के लिए नहीं होती। हालत ऐसी है कि 15000 कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। इसके साथ ही 6000 आउटसोर्स कर्मचारियों ने इस सरकार ने घर बैठा दिया। इस सरकार के नेता दिल्ली जाकर केंद्र से कहते हैं मदद करो, शिमला आकर कहते हैं कि हमारा पैसा वापस दो। चंबा में युवक की हत्या कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
पीएम मोदी की छवि को धूमिल करने का अंजाम सही नहीं होगा। केंद्र से मिलने वाली ग्रांट में एक पैसे की भी कमी नहीं आई है। केंद्र सरकार के नौ साल के कार्यकाल पर कोई अंगुली नहीं उठा सकता। रघुनाथ की धरती से उर्जा प्राप्त कर नए दशक की शुरुआत होगी। आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा प्रदेश की चारों सीटों पर जीत हासिल करेगी।
इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, भाजपा प्रदेश महामंत्री राकेश जंबाल, संगठन मंत्री सिद्धार्थन, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, विधायक बंजार सुरेंद्र शौरी, विधायक आनी लोकेंद्र कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा आदि मौजूद रहे।
हिमाचल में झूठ और धोखे से बनी है सरकार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. राजीव बिंदल ने भी सरकार को निशाने पर लिया। कहा कि हिमाचल में धोखे और झूठ से बनी सरकार है। महिलाओं को 1500-1500 मिलने वाले कांग्रेस नेताओं के वीडियो वायरल हैं। सरकार ने नौकरी देने वाला संस्थान ही बंद कर दिया।
यह सरकार नौकरी देना ही नहीं चाहती। 1000 संस्थान बंद करने वाली सरकार को बेनकाब किया जाएगा। पीएम मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं। हिमाचल में आठ लाख परिवारों तक जन संपर्क अभियान के तहत जाएंगे।