Bharat Jodo Yatra: इंदौरा में राहुल गांधी बोले- पहाड़ की तरह हिमाचलियों के चरित्र में शक्ति भी है और शांति भी
मलौट में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हर प्रदेश की कोई न कोई पहचान होती है। हर राज्य अलग है। हिमाचल पहाड़ों का प्रदेश है, मगर यहां चलना बहुत आसान है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के इंदौरा क्षेत्र के घटोता से मलोट गांव तक करीब 24 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद शाम को जम्मू-कश्मीर रवाना हुई। मलौट में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हर प्रदेश की कोई न कोई पहचान होती है। हर राज्य अलग है। हिमाचल पहाड़ों का प्रदेश है, मगर यहां चलना बहुत आसान है। राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल के लोगों का चरित्र भी पहाड़ की ही तरह है। हिमाचलियों के चरित्र में शक्ति भी है और शांति भी। पहाड़ के लोग ज्यादा बोलते नहीं हैं, मगर जिससे भी मिलते हैं बहुत स्नेह और सम्मान के साथ मिलते हैं।
संसद में जनता के मुद्दे उठाते थे तो माइक बंद कर देते थे
राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने से पहले संसद में जब जनता के मुद्दे उठाने का प्रयास किया तो हमें बोलने नहीं दिया गया। नोटबंदी, गलत जीएसटी, अग्निवीर योजना, किसान कानूनों का मुद्दा सदन में उठाना चाहा तो पीछे से माइक बंद कर दिए गए। जिस कैमरे से सदन की कार्यवाही दिखानी होती थी, उससे स्पीकर या कैबिनेट मंत्रियों के चेहरे दिखाए जाते थे। चुप रहने के लिए सीबीआई और ईडी का दबाव बनाया गया। इसलिए यह यात्रा ही एकमात्र रास्ता दिखी। मीडिया में भी सिर्फ पीएम के साथ एक्टर और क्रिकेटर दिखते हैं।
सुक्खू में कोई अहंकार नहीं, हिमाचल के लिए अच्छा काम करेंगे
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें कोई अहंकार नहीं है। देखकर अच्छा लगा कि वह एक जमीन से जुड़े आदमी हैं। प्रदेश की जनता से उनका लगाव है। सुक्खू लोगों की बात सुनने से भी नहीं डरते हैं। यात्रा के दौरान भी अगर कोई पीछे गिरा तो उसे उठाने के लिए एकदम पीछे गए। वह हिमाचल के लिए अच्छा काम करेंगे।
125 यात्रियों के साथ शुरू हुई यात्रा में लाखों-करोड़ों लोग जुड़े
राहुल ने कहा कि देश में हिंसा और नफरत का माहौल है। भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। एक धर्म, जाति और भाषा को दूसरी से लड़ाया जा रहा है। देश में पनप रही नफरत, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा ही एकमात्र रास्ता था। कन्या कुमारी से 125 यात्रियों के साथ शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा में लाखों-करोड़ों लोग जुड़े। करीब 3800 किलोमीटर की यात्रा शुरू की तो सोचा था थकान होगी, मगर जनता की शक्ति ने इसे आगे बढ़ाया।
सुधीर शर्मा भी हुए भारत जोड़ो यात्रा में शामिल
धर्मशाला से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। मंत्रिमंडल विस्तार में अनदेखी के बाद पूर्व मंत्री विदेश चले गए थे। सुधीर शर्मा का जिला कांगड़ा से प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों में सबसे पहला नाम चल रहा था। बावजूद इसके उन्हें मंत्री पद नहीं मिला। सात जनवरी को सुधीर शर्मा को मंत्री बनाने के लिए शिमला भी बुलाया गया था। देर रात को सुधीर का नाम मंत्रियों की सूची से कट गया। नाराज होकर आठ जनवरी की सुबह सुधीर राजभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में भी नहीं गए थे। इन्होंने शिमला से धर्मशाला की राह पकड़ ली थी। नौ जनवरी को सुधीर शर्मा विदेश चले गए थे। गत मंगलवार रात को सुधीर शर्मा विदेश से लौटे। बुधवार सुबह इंदौरा पहुंचकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी का किया स्वागत
इससे पहले पंजाब-हिमाचल सीमा पर घटोता से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई। सुबह 7:00 बजे हिमाचल कांग्रेस ने छोटी जनसभा रखी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और अन्य पार्टी नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। सभी ने राहुल गांधी का यात्रा को हिमाचल से जोड़ने पर धन्यवाद किया। हिमाचल में यात्रा के शुभारंभ के साथ राहुल गांधी ने मोदी सरकार और आरएसएस पर हमला बोला। दोपहर 11:00 बजे तक 11 किलोमीटर यात्रा पूरी करने के बाद राहुल गांधी ने काठगढ़ के क्षत्रिय कॉलेज में चार घंटे के लिए विश्राम किया। यहां सीएम, मंत्री और विधायकों के लिए ही एंट्री थी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते नड्डा हिमाचल चुनाव हारे, अब तो विस्तार ही मिला है: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को एक साल का विस्तार देने पर तंज कसा। कहा कि अब तो नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में एक साल का विस्तार ही मिला है। जब हिमाचल में विधानसभा चुनाव हुए थे, उस समय वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उन्होंने 68 विस क्षेत्रों में प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्रियों की ड्यूटी लगाई। उनके संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के सांसद केंद्रीय मंत्री भी हैं। वहां 17 में से 12 सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। हिमाचल में 97 फीसदी हिंदू हैं। उस विचारधारा का गुणगान करने वाले नड्डा के राज्य हिमाचल में कांग्रेस विचारधारा की जीत हुई है। कहा कि जनता ने हमें पांच साल के लिए जनादेश दिया है। कांग्रेस सारी गारंटियां पूरी करेगी। पिछली सरकार ने हिमाचल के हर नागरिक पर करीब 1,20,000 रुपये का जो कर्ज चढ़ाया है, हम उसे कम करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस ने अपनी विचारधारा के अनुसार देश की एकता और अखंडता के लिए भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है।
नफरत की राजनीति छोड़ सबको जोड़ने का काम कर रहे राहुल : प्रतिभा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में विभिन्न विचारधाराओं के लोग साथ आए हैं। सभी का मानना है कि राहुल गांधी ने नफरत की राजनीति छोड़कर सबको जोड़ने का काम कर रहे हैं। सारे लोग जैकेट-स्वेटर पहनकर चले थे, मगर राहुल गांधी ठंड में भी एक स्वेट शर्ट पहनकर चले हैं, उसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के लोग भाजपा सरकार से दुखी थे। भारत जोड़ो यात्रा के बीच राहुल गांधी की व्यस्तता के कारण प्रियंका गांधी ने पार्टी के लिए प्रचार किया। उन्होंने रैलियों में प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सरकार ही लोगों का भला कर सकती है। चुनावों में हिमाचल की जनता के मिले अपार स्नेह और आशीर्वाद से हम पुन: हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनाने में सफल हुए।