Shimla News: कर्नाटक के लिए भेजा सेब का ट्रक मध्यप्रदेश में पकड़ा, चालक को हिरासत में लिया
उपमंडल ठियोग से कर्नाटक भेजा सेब का ट्रक मध्यप्रदेश से पुलिस ने पकड़ा है। ठियोग पुलिस ने देवीमोड़ में हुई 10.50 लाख की सेब ठगी का मामला सुलझा लिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के उपमंडल ठियोग से कर्नाटक भेजा सेब का ट्रक मध्यप्रदेश से पुलिस ने पकड़ा है। ठियोग पुलिस ने देवीमोड़ में हुई 10.50 लाख की सेब ठगी का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि ठियोग के साथ लगते देवीमोड़ के पास सेब का कारोबार करने वाले कुलदीप वर्मा, पुत्र ले. लायक राम, गांव हलाई ने इसको लेकर शिकायत की थी। उन्होंने 14 सितंबर को दुकान से अब्दुल अतीक दुकान नंबर 46 एच ब्लाक दावणगेरे, कर्नाटक के लिए सेब से लदा ट्रक भेजा। इसमें सेब की 453 पेटियां थीं। इसकी कीमत 10.5 लाख रुपये थी। सेब को भेजने के लिए ट्रक संख्या एचआर 73 बी 3314 को रविंद्र सिंह, पुत्र रणबीर सिंह, निवासी सोनीपत, हरियाणा से ट्रक किराये पर लिया।
ट्रक को साकिर, पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी खरेली खुर्द, मंडी खेड़ा मेवात हरियाणा काे चला रहा था। 14 सितंबर को ट्रक में ठियोग से कर्नाटक सेब भेजा गया। 19 सितंबर को शिकायतकर्ता के भतीजे अंकुश वर्मा ने बताया कि चालक का नंबर बंद आ रहा है और ट्रक कर्नाटक भी नही पहुंचा। इस पर कुलदीप वर्मा ने ठियोग थाना में शिकायत दर्ज करवाई। ठियोग थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने एक टीम का गठन किया और टीम छानबीन में जुट गई। एक माह के भीतर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले ही लिया है। डीएसपी ठियोग सिदार्थ शर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।