Shimla: दिल्ली पहुंची बागवानों की लड़ाई, सेब उत्पादन सहायक वस्तुओं से जीएसटी हटाने की मांग
तीन राज्यों हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड के बागवानों ने मंगलवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर सेब पर 100 फीसदी आयात शुल्क लगाने और सेब उत्पादन सहायक वस्तुओं से जीएसटी हटाने की मांग उठाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सेब उत्पादन करने वाले देश के तीन राज्यों हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड के बागवानों ने मंगलवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर सेब पर 100 फीसदी आयात शुल्क लगाने और सेब उत्पादन सहायक वस्तुओं से जीएसटी हटाने की मांग उठाई। इस दौरान एप्पल फार्मर फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफएफआई) के बैनर तले केंद्र सरकार को 10 सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा गया। एप्पल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयोजक सोहन ठाकुर ने कहा कि बीते चार साल में सेब उत्पादन की लागत दोगुनी हो गई है। सरकार ने कृषि की लागत वस्तुओं पर से अनुदान खत्म कर दिया है। खाद, बीज और दवाइयां किसानों और बागवानों की पहुंच से दूर हो गई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से सभी कृषि उत्पादन सहायक वस्तुओं को जीएसटी मुक्त करने की मांग उठाई।
हिमाचल किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कुलदीप तनवर ने सेब पर आयात शुल्क बढ़ा कर 100 फीसदी करने की मांग की। कहा कि प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के बागवानों को 2 बार सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। ठियोग के पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने केंद्र की गलत नीतियों को किसान-बागवानों की परेशानी के लिए जिम्मेदार ठहराया। कहा कि बड़े-बड़े कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने किसानों-बागवानों को शोषण से बचाने के लिए लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट, एपीएमसी एक्ट और पेसेंजर एंड गुड्स एक्ट को सख्ती से लागू करने की मांग की। पूर्व मेयर संजय चौहान ने पूंजीपति ताकतों से निपटने के लिए बागवानों से संगठित होने और सभी सेब उत्पादक राज्यों को एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। जम्मू कश्मीर के जहूर अहमद, अब्दुल राशिद, मुहम्मद शाह और उत्तराखंड के गंगाधर नौटियाल ने भी संबोधित किया।
हिमाचल प्रदेश आढ़ती महासंघ का गठन, शिमला के हरीश बने प्रधान
वहीं, हिमाचल प्रदेश आढ़ती महासंघ के गठन में शिमला के हरीश ठाकुर को प्रधान चुना गया है। मंडी में आयोजित प्रदेशभर के आढ़ती संगठनों की आम सभा में डिंपल सैणी, खजाना राम, मनोज कुमार को उपप्रधान, दीनानाथ सैणी को चेयरमैन, कृष्णपाल शर्मा और पूर्ण स्तान को महासचिव, संजीव जोशी को कोषाध्यक्ष चुना गया। आम सभा की अध्यक्षता सोलन मंडी के पूर्व अध्यक्ष विजय सूद ने की। नवनियुक्त प्रधान हरीश ठाकुर ने बताया कि आढ़ती महासंघ एसआईटी में आढ़तियों को शामिल करने के लिए हर संभव संघर्ष करेगा।