तब्लीगी जमात के जलसे से हिमाचल लौटे 163 लोग क्वारंटीन, तीन कोरोना संदिग्ध अस्पताल में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश की राजधानी दिल्ली स्थित निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के जलसे से हिमाचल में भी हड़कंप मच गया है। उक्त जलसा देश भर में कोरोना वायरस के फैलने का बहुत बड़ा कारण बन गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले एक महीने में 200 से ज्यादा लोग इस जलसे में शामिल होने के बाद हिमाचल लौटे हैं।
हिमाचल पुलिस ने अब ऐसे लोगों को चुन-चुन कर चिह्नित करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ मिलकर क्वारंटीन केंद्रों में भेजना शुरू कर दिया है। पुलिस महानिदेशक सीताराम मरडी के अनुसार अभी तक 163 लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारंटीन केंद्रों में भेजा जा चुका है, जबकि कांगड़ा में मिले तीन लोगों में कोरोना के प्रारंभिक लक्षण मिलने पर उन्हें धर्मशाला अस्पताल में दाखिल किया गया है।
बुधवार को उनके सैंपल लेकर टांडा भेज दिए, जिनकी रिपोर्ट वीरवार को आएगी। इसके अलावा पांवटा में हुए एक जलसे से जुड़े 11 लोगों के खिलाफ शिमला के नेरवा थाने में मामला दर्ज कर उन्हें क्वारंटीन किया गया है। उनकी गाड़ी भी कब्जे में ले ली है। डीजीपी ने सभी जिला एसपी को निर्देश दिए हैं कि वे सूबे के हर मदरसे में ऐसे लोगों की पड़ताल करें, जो पिछले कुछ दिनों में देश-विदेश से लौटे हैं।
इन लोगों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन से साझा की जाए, ताकि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद इन्हें क्वारंटीन किया जा सके। दरअसल, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और सिरमौर के अलावा अब मंडी, शिमला से भी समुदाय के लोगों के तब्लीगी जमात के जलसे से आने की जानकारी मिली है। जलसे से जुड़े अब तक मंडी में चार, कांगड़ा में 6, ऊना में 35, शिमला में 23, बद्दी में 53, चंबा में 10 और सिरमौर में 32 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इसके अलावा 5281 लोगों को कुल अब तक क्वारंटीन किया गया है, जिनमें दो हजार लोगों को होम क्वारंटीन भी किया गया है।
क्वारंटीन व्यक्ति बाहर मिले तो पुलिस को दे सूचना
डीजीपी ने कहा कि जिन लोगों को क्वारंटीन किया है, वे कर्फ्यू में ढील के दौरान भी बाहर निकलें तो ऐसे लोगों का फोटो खींचकर मोबाइल नंबर 9459100100 पर भेजकर सूचित करें। पुलिस ऐसे मामलों में सूचना मिलने पर जल्द कार्रवाई करेगी, क्योंकि यह आसपास के लोगों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
अब तक कुल 290 मामले दर्ज
डीजीपी ने बताया कि कर्फ्यू व लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर अब तक 290 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें 320 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 36 लोगों के खिलाफ निवारक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। जबकि 151 वाहनों को जब्त कर 85 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। बताया कि पिछले 24 घंटे में ही 39 मामले पंजीकृत किए गए हैं जिनमें 23 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 01 व्यक्ति के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस की ओर से 23 वाहनों को जब्त किया गया है व 26100 रुपये का जुर्माना प्राप्त किया गया है।
डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि कांगड़ा जिले के नूरपुर से 2 और इंदौरा उपमंडल से 4 लोग तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल हुए थे। जिन 3 लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण दिखे हैं, वे इंदौरा उपमंडल के रहने वाले हैं। ये लोग 13 से 20 मार्च के बीच नूरपुर और इंदौरा लौटे थे। इंदौरा के एक और नूरपुर के दो लोगों में वायरस के लक्षण दिख रहे हैं।
तीनों को देर शाम धर्मशाला अस्पताल लाकर आईसोलेशन में भेज दिया। अन्य 3 लोगों को होम क्वारंटीन में भेज दिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि नुरपुर और इंदौरा के 4 और लोगों पर दिल्ली जलसे में शामिल होने का शक है। प्रशासन इनके बारे में तथ्यात्मक सूचना जुटा रहा है। हिमाचल में अब तक कुल 5281 लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है।