Udaipur: विवाहिता की मौत के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल में की तोड़फोड़, पति का अपहरण कर जंगल ले जाकर की हत्या
Udaipur News: उदयपुर के ओगणा क्षेत्र में विवाहिता की मौत के बाद पीहर पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया। घर में तोड़फोड़ के बाद उसका अपहरण कर जंगल में हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इलाज के दौरान विवाहिता की मौत के बाद गुस्साए पीहर पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पहले उसके घर में तोड़फोड़ की और फिर उसका अपहरण कर जंगल में ले जाकर पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी।
विवाहिता की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
ओगणा थाना क्षेत्र के चोखला बारा गांव निवासी पारू (25) पत्नी पिंटूलाल वडेरा की 24 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया, जहां 27 अप्रैल देर रात उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद ससुराल पक्ष पर लगे आरोप
महिला की मौत के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद दर्जनों लोग हथियारों के साथ ससुराल पहुंचे और जमकर हंगामा करते हुए घर में तोड़फोड़ की। आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप करने के बजाय घटना की रिकॉर्डिंग की।
सुबह दोबारा पहुंचे लोग, पति का किया अपहरण
बुधवार सुबह मृतका का भाई करण अपने साथियों के साथ फिर गांव पहुंचा और पिंटूलाल का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे अम्बावी (उपरेटा) के जंगल में ले जाकर पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई।
पढ़ें- Jodhpur News: राजस्थान हाई कोर्ट से आसाराम को फिर राहत, स्वास्थ्य कारणों से 25 मई तक बढ़ी जमानत
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। जंगल से शव बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक पिंटूलाल परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता का डेढ़ माह पहले और मां का एक साल पहले निधन हो चुका है। परिवार में उसकी दो नाबालिग बहनें (14 और 16 वर्ष) और 5 साल का छोटा भाई है, जिनकी जिम्मेदारी उसी पर थी। अब तीनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। डीएसपी विवेक सिंह राव मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। ओगणा थाना पुलिस का जाब्ता गांव में तैनात है। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.