Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Despite having 24 seats, the BJP fears cross-voting in Udaipur:

उदयपुर: जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए भाजपा में खींचतान, हिम्मत सिंह और चंद्रगुप्त सिंह चौहान के नाम चर्चा में

Sat, 21 Nov 2026 01:13 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर Published by: उदयपुर ब्यूरो Updated Sat, 21 Nov 2026 01:13 PM IST
सार

उदयपुर जिला परिषद की 47 सीटों में भाजपा ने 24 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। जिला प्रमुख पद के लिए हिम्मत सिंह झाला और चंद्रगुप्त सिंह चौहान के नाम चर्चा में हैं। कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग और BAP के समर्थन की उम्मीद है।

 

विज्ञापन
Despite having 24 seats, the BJP fears cross-voting in Udaipur:
जिला प्रमुख का दांव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

राजस्थान के उदयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 47 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा ने 24 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 22 सीटें मिली हैं, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। भाजपा को बहुमत के लिए जरूरी 24 सीटें तो मिल गई हैं, लेकिन एक सीट के मामूली अंतर के कारण पार्टी को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है।

जिला प्रमुख का पद इस बार अनारक्षित (ओपन) होने के कारण भाजपा में कई दावेदार सामने आए हैं। इनमें हिम्मत सिंह झाला और पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। वहीं, गैर राजपूत चेहरे के तौर पर दलीचंद डांगी और घनश्याम मेनारिया भी दावेदारी में बताए जा रहे हैं।

विज्ञापन

हिम्मत सिंह झाला और चंद्रगुप्त सिंह चौहान के नाम चर्चा में
भाजपा में जिला प्रमुख पद के लिए हिम्मत सिंह झाला का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। झाला वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं और लंबे समय से पार्टी में सक्रिय हैं। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। आर्थिक रूप से पार्टी को सहयोग देने वाले चेहरे के तौर पर भी उनकी पहचान है। इसी वजह से प्रदेश और केंद्रीय स्तर पर भी उनकी दावेदारी की चर्चा है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर उनके नाम पर पूरी सहमति बनना अभी बाकी माना जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान भी जिला प्रमुख पद की दौड़ में हैं। चौहान मावली क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्हें पूर्व नेता गुलाबचंद कटारिया के करीबी खेमे का माना जाता है। ऐसे में राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से उनकी दावेदारी भी अहम है।

गैर राजपूत चेहरे के तौर पर डांगी और मेनारिया विकल्प
यदि भाजपा राजपूत चेहरे के बजाय किसी दूसरे समाज के प्रतिनिधि को जिला प्रमुख बनाने का फैसला करती है तो दलीचंद डांगी और घनश्याम मेनारिया के नाम भी सामने आ सकते हैं।

दलीचंद डांगी मावली से विधायक रह चुके हैं और ओबीसी वर्ग से आते हैं। किसान वर्ग में उनकी सहज और साफ-सुथरी छवि मानी जाती है। वहीं, घनश्याम मेनारिया लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं। उनकी संघ पृष्ठभूमि को भी उनकी राजनीतिक ताकत माना जाता है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यदि भाजपा जिला प्रमुख पद पर राजपूत चेहरे को मौका देती है तो उप जिला प्रमुख पद पर डांगी या मेनारिया में से किसी एक को जिम्मेदारी देकर सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश कर सकती है।

कांग्रेस की नजर BAP के समर्थन और क्रॉस वोटिंग पर
दूसरी ओर, जिला परिषद में भाजपा से दो सीटें कम होने के बावजूद कांग्रेस ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। पार्टी की नजर भारत आदिवासी पार्टी के एकमात्र सदस्य के समर्थन और भाजपा में संभावित क्रॉस वोटिंग पर है। कांग्रेस की ओर से लालसिंह झाला और राजसिंह झाला के नाम जिला प्रमुख पद के दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं।

लालसिंह झाला लंबे समय तक कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष रहे हैं। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वहीं, राजसिंह झाला पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के करीबी हैं। वे पूर्व गृहमंत्री दिवंगत गुलाबसिंह शक्तावत के भी करीबी रिश्तेदार हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए दोनों ही चेहरे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस को मिले भाजपा से ज्यादा वोट
जिला परिषद के साथ उदयपुर जिले की 20 पंचायत समितियों के 318 वार्डों के नतीजे भी सामने आ चुके हैं। इन चुनावों में कुल 9,28,759 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पंचायत समिति चुनाव का एक अहम पहलू यह रहा कि कुल प्राप्त मतों के मामले में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया।

जिला परिषद में भाजपा को बहुमत मिलने के बावजूद पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस को अधिक वोट मिलना राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव पर है। भाजपा के सामने अपने सभी 24 सदस्यों को एकजुट रखने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस की उम्मीद भाजपा में संभावित क्रॉस वोटिंग और BAP के समर्थन पर टिकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed