Rajasthan News: केकड़ी में 10वीं मेजर ध्यानचंद हॉकी के रोमांचक मुकाबले शुरू, देश भर की 26 टीमें ले रही हैं भाग
केकड़ी में मेजर ध्यानचंद क्लब के तत्वावधान में दसवीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले गुरुवार से शुरू हुए। प्रतियोगिता में देश भर की कुल 26 टीमें हिस्सा ले रही हैं। गुरुवार को पटेल मैदान पर प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक उद्घाटन किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केकड़ी में गुरुवार से हॉकी का महाकुंभ शुरू हुआ। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट का भव्य शुभारम्भ किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर चन्द्रशेखर भंडारी मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा, भामाशाह भंवरलाल जगरवाल और धनराज चौधरी, शारीरिक शिक्षक प्रतापपुरा गिरधर सिंह, एमएलडी संस्थान के डॉ. अविनाश दुबे, राजीव शाह और संजीव शाह मौजूद थे। समारोह की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी सुभाष चंद्र हेमानी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। क्लब के मनीष शर्मा एवं सदस्यों ने अतिथियों का साफा, माला, स्मृति चिह्न से स्वागत किया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए एडीएम चन्द्रशेखर भंडारी ने कहा कि खेलों से शारीरिक व मानसिक विकास होता है। उन्होने खिलाड़ियों से हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा ने कहा कि हॉकी खेल में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करना केकड़ी की विशेषता रही है। हॉकी खेल प्रतिभाओं के मामलें में केकड़ी बरसों से समृद्धशाली रहा है। यहां के अनेक हॉकी खिलाड़ियों ने न केवल देश व प्रदेश स्तर पर, बल्कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भी केकड़ी का नाम रोशन किया है। भंवरलाल जगरवाल ने खेल को खेल की भावना से खेलने के लिए खिलाड़ियों को प्रेरित किया। हरिनारायण बिदा ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संचालन अरविंद अग्रवाल ने किया। अतिथियों ने हॉकी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उद्घाटन मैच का शुभारंभ किया।
देश भर से लगभग 26 टीमें भाग लेंगी
क्लब के मीडिया प्रभारी मोहम्मद जावेद ने बताया कि प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 26 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच शाहपुरा (राजस्थान) व छिंदवाड़ा (एमपी) के मध्य खेला गया, जिसमें 2-1 से शाहपुरा विजेता रहा। दूसरा मुकाबला मंदसौर (एमपी) व कोल्हापुर (महाराष्ट्र) के बीच हुआ, जिसमें 5-0 से मंदसौर विजेता रहा। तीसरा मुकाबला अवध एकेडमी (यूपी) व ध्यानचंद हॉकी क्लब उज्जैन (एमपी) के बीच हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में नतीजा शूटआउट से निकला, जिसमें 5-3 से उज्जैन (एमपी) विजेता रहा। दिन पर विभिन्न मैच हुए। दिनभर सभी मैचो का आंखों देखा हाल कमेंट्री के माध्यम से विनय सिंह भाटी ने प्रस्तुत किया।
ये रहेगी व्यवस्था
क्लब के मनीष शर्मा ने बताया कि इस प्रतिष्ठित हाॅकी प्रतियोगिता में देश भर की 26 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें राजस्थान के विभिन्न जिलों की टीमों के अलावा जबलपुर, महाराष्ट्र, उज्जैन, सोनभद्र, छिंदवाड़ा, बनारस, इंदौर, मंदसौर आदि स्थानों की टीमें प्रमुख हैं। पटेल ग्राउंड पर आयोजित यह टूर्नामेंट 5 जनवरी तक चलेगा। उन्होनें बताया कि हाॅकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के आवास व भोजन की व्यवस्था तथा उन्हें एक तरफ का किराया क्लब द्वारा दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में महेन्द्र पाल सिंह, सांवरलाल चौधरी, अतुल चोटिया, नीरज गदिया, महावीर साहु, महेन्द्र चौधरी, जितेन्द्र जांगीड़, हनुमान टेलर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के हॉकी खिलाड़ी व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।