{"_id":"6a8d9d7d3e0f89abcd0ced76","slug":"thieves-gold-silver-trail-exposed-receiver-arrested-stolen-jewelry-recovered-nagaur-news-c-1-1-noi1346-4649445-2026-08-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"नागौर: बिरलोका चोरीकांड में बड़ा खुलासा, चोरी के गहने गलाकर बना दी सोने की ढली, पुलिस ने खरीददार को दबोचा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नागौर: बिरलोका चोरीकांड में बड़ा खुलासा, चोरी के गहने गलाकर बना दी सोने की ढली, पुलिस ने खरीददार को दबोचा
Tue, 25 Aug 2026 08:03 PM IST
नागौर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर
Published by: नागौर ब्यूरो
Updated Tue, 25 Aug 2026 08:03 PM IST
सार
बिरलोका गांव में 8.30 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर सोना-चांदी बरामद किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस द्वारा जब्त किया गया माल
विस्तार
खींवसर थाना पुलिस ने बिरलोका गांव में हुई करीब 8.30 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में मंडलगढ़ निवासी बसंतकुमार सोनी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर 37.45 ग्राम सोने की ढली और 338 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। वहीं पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 2 लाख रुपए नकद भी बरामद हुए हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त की रात बिरलोका निवासी रतनसिंह के घर में अज्ञात चोर घुस गए थे। चोर घर से करीब 8 लाख 30 हजार रुपए कीमत के जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए। मामले में खींवसर थाने में प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पहले चित्तौड़गढ़ जिले के एक कथित संगठित गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का माल मंडलगढ़ निवासी बसंतकुमार सोनी को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर बसंतकुमार सोनी को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: टोंक में नशा मुक्त टोंक अभियान में बड़ी कार्रवाई: सात आरोपी गिरफ्तार, स्मैक और नशीली दवाएं बरामद
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर 37.45 ग्राम सोने की ढली बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि यह सोने की ढली चोरी किए गए जेवरात को गलाकर तैयार की गई थी। इसके अलावा 338 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए। वहीं पहले गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों की निशानदेही पर 2 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इस मामले में चोरी का करीब 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बसंतकुमार सोनी पहले भी चोरी का माल खरीदने के मामलों में संलिप्त रहा है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह चोरी का माल किन-किन आरोपियों से खरीदता था और आगे उसे कहां खपाया जाता था। मामले में पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में खींवसर थाना पुलिस की विशेष टीम ने की।