Bundi: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने खेला क्रिकेट, बैट हाथ में लेते ही बाउंड्री पार कराई बॉल
स्पीकर बिरला इससे पहले छोटा पुष्कर कहे जाने वाले टोंक जिले के मांडकला गांव में भगवान धरणीधर की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भगवान धरणीधर को नमन करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि उनके शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए धाकड़ समाज सेवा और कल्याण के पथ को समृद्ध कर रहा है।
विस्तार
बूंदी खेल महोत्सव के तहत तालेड़ा में हो रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को खिलाड़ियों को खेलता देखकर स्पीकर ओम बिरला भी पुराने दिन याद कर क्रिकेट मैदान में उतर आए। लोकसभा स्पीकर ने बैटिंग करते हुए क्रिकेट पिच से जोरदार शॉट मारकर गेंद को बाउंड्री पर पहुंचा दिया।
जानकारी मिलने पर वे खेल मैदान पहुंचे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बूंदी में क्रिकेट मैदान पर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। बॉल को अपने शॉट से हवा में उछालकर बाउंड्री पार करवा कर सभी को चौंका दिया। प्रतियोगिता में बिरला ने रस्साकशी के मुकाबलों को भी देखा। मौका था स्पीकर बिरला की पहल पर आयोजित कोटा-बूंदी खेल महोत्सव के तहत तालेड़ा में खेली जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता का।
स्पीकर बिरला सोमवार को टोंक में भगवान धरणीधर की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेकर सड़क मार्ग से कोटा लौट रहे थे। रास्ते में तालेड़ा में क्रिकेट मैच खेले जाने की जानकारी मिलने पर वे खेल मैदान पहुंच गए। वहां खिलाड़ियों को खेलता देख बिरला भी मैदान पर उतरे और जोरदार शॉट मारकर गेंद को मिड ऑन क्षेत्र में बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचा दिया। स्पीकर बिरला ने वहां रस्साकशी के मुकाबले भी देखे और खिलाड़ियों का जोश बढ़ाया।
भगवान धरणीधर के दिखाए रास्ते पर चलकर सेवापथ को समृद्ध कर रहा है धाकड़ समाज- बिरला
स्पीकर बिरला इससे पहले छोटा पुष्कर कहे जाने वाले टोंक जिले के मांडकला गांव में भगवान धरणीधर की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। जहां विशाल जनसमुदाय उमड़ा था। कार्यक्रम के दौरान भगवान धरणीधर को नमन करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि उनके शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए धाकड़ समाज सेवा और कल्याण के पथ को समृद्ध कर रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए स्पीकर बिरला ने कहा कि समाजबंधुओं के सामूहिक प्रयासों से भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है, जो भारतीय संस्कृति के साथ आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान धरणीधर ने विश्व के कल्याण और मानव के उत्थान के कार्यों को नई दिशा दी है। उनकी शिक्षाओं पर चलते हुए धरतीपुत्र धाकड़ समाज, देश के अन्न भण्डार भरने, हरित भारत के निर्माण करने और सीमाओं की रक्षा में अग्रणी योगदान दे रहा है।