{"_id":"6a818b05c00b5e3b5f0d6bb6","slug":"masked-men-attack-elder-inside-home-in-neemkathana-cctv-captures-entire-incident-kotputli-behror-news-c-1-1-noi1440-4615468-2026-08-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: नीमकाथाना में बुजुर्ग पर नकाबपोश बदमाशों का जानलेवा हमला, सोते बुजुर्ग पर हथियार से किए कई वार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: नीमकाथाना में बुजुर्ग पर नकाबपोश बदमाशों का जानलेवा हमला, सोते बुजुर्ग पर हथियार से किए कई वार
Sun, 16 Aug 2026 05:54 PM IST
कोटपुतली ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली
Published by: कोटपुतली ब्यूरो
Updated Sun, 16 Aug 2026 05:54 PM IST
सार
Rajasthan News: नीमकाथाना के नाथा गांव में स्वतंत्रता दिवस की सुबह 10 से 15 नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग पर धारदार हथियारों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने रेकी करने वाले 3-4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
नीमकाथाना में CCTV फुटेज में कैद खौफनाक वारदात
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस की सुबह नीमकाथाना में एक बुजुर्ग पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डाबला थाना क्षेत्र के नाथा गांव में 10 से 15 नकाबपोश बदमाशों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग महावीर प्रसाद पर धारदार हथियारों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर अचेत अवस्था में जमीन पर गिर गए। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
विज्ञापन
सोते बुजुर्ग पर बरसाए हथियार
घटना 15 अगस्त की सुबह करीब 7:40 बजे की बताई जा रही है। महावीर प्रसाद घर के चौक में चारपाई पर अकेले सो रहे थे। उनका बेटा जितेंद्र और पत्नी खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाश थार और बोलेरो वाहनों से वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाश हथियारों से लैस थे। उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसते ही महावीर प्रसाद पर हमला शुरू कर दिया।
विज्ञापन
बचाने पहुंचे भाई पर भी हमला
बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर पास के घर से उनके भाई पूरन बचाव के लिए पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर बंदूक तान दी और लोहे की रॉड से उन पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने और शोर बढ़ने पर बदमाश बुजुर्ग को घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए।
विज्ञापन
खेत से वापस लौटे बेटे जितेंद्र ने घर पर भीड़ देखी तो उसे घटना की जानकारी हुई। उसने पिता को जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल नीमकाथाना के कपिल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सिर में गहरी चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया।
हमले से पहले घर की रेकी का आरोप
जितेंद्र ने बताया कि वारदात से पहले तीन-चार बदमाशों ने उनके घर की रेकी की थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि 12 अगस्त से कुछ लोग परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इस संबंध में जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई थी, लेकिन परिवार को पुलिस सहायता नहीं मिली।
रेकी करने वाले 3-4 संदिग्ध हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डाबला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कराई। डाबला सीआई सुनीता बॉयल के अनुसार, बदमाश थार और बोलेरो से आए थे। मामले में रेकी करने वाले 3-4 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें भेजी गई हैं। पुलिस अब घर में लगे CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार बनाकर आरोपियों की पहचान और हमले की वजह का पता लगाने में जुटी है।