{"_id":"6a17cbf0c232bba9d10451e2","slug":"fire-triggered-by-short-circuit-destroys-house-in-bansur-cylinder-blast-cash-and-valuables-worth-lakhs-reduced-to-ashes-kotputli-behror-news-c-1-1-noi1440-4331423-2026-05-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kotputli-Behror News: शॉर्ट सर्किट से कच्चे मकान में लगी आग, कुछ ही मिनटों में लाखों की नकदी और सामान स्वाहा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kotputli-Behror News: शॉर्ट सर्किट से कच्चे मकान में लगी आग, कुछ ही मिनटों में लाखों की नकदी और सामान स्वाहा
Thu, 28 May 2026 04:31 PM IST
कोटपुतली ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
Published by: कोटपुतली ब्यूरो
Updated Thu, 28 May 2026 04:31 PM IST
सार
बानसूर के महनपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही देर में पूरा कच्चा मकान और वर्षों की जमा-पूंजी राख में बदल दी। आगजनी के दौरान घर में रखा सिलिंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
हादसे के बाद रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के बानसूर क्षेत्र के महनपुर गांव स्थित स्वामी की ढाणी में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट से कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा छप्पर धू-धू कर जलने लगा। हादसे में लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, अनाज, पशुओं का चारा और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग के दौरान गैस सिलिंडर फटने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार स्वामी की ढाणी निवासी रोहिताश्व कुम्हार के कच्चे मकान में अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन तेज हवा और छप्पर में लगी आग के कारण आग लगातार फैलती चली गई।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही बानसूर नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: भैराणा धाम आंदोलन: बेनीवाल के जयपुर कूच से पहले सरकार बैकफुट पर, देर रात बनी बात
पीड़ित रोहिताश्व कुम्हार ने बताया कि हाल ही में बकरियां बेचने के बाद मिले करीब ढाई लाख रुपये नकद घर में रखे हुए थे, जो आग में पूरी तरह जल गए। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवरात, पांच बोरी गेहूं, पशुओं का चारा, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने बताया कि परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गई।
आगजनी के दौरान घर में रखा गैस सिलिंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया। सिलिंडर फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार इस आगजनी में करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर हल्का पटवारी मीना चौधरी भी मौके पर पहुंचीं और नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि नियमानुसार पीड़ित परिवार को राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इधर ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई है, ऐसे में सरकारी सहायता ही उनके लिए सबसे बड़ा सहारा साबित होगी।