{"_id":"6331ab732f79a8643c06752b","slug":"tonk-major-accident-on-jaipur-kota-national-highway-five-died","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Road Accident in Tonk: कोटा में IIT कोचिंग कर रहे चार छात्रों सहित पांच की मौत, सभी हरिद्वार जा रहे थे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Road Accident in Tonk: कोटा में IIT कोचिंग कर रहे चार छात्रों सहित पांच की मौत, सभी हरिद्वार जा रहे थे
Mon, 26 Sep 2022 07:09 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टोंक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टोंक
Published by: अरविंद कुमार
Updated Mon, 26 Sep 2022 07:09 PM IST
सार
राजस्थान के टोंक जिले में भीषण सड़क हादसे में आईआईटी की कोचिंग कर रहे चार छात्रों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। एक घायल को जयपुर रेफर किया गया है। जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
विज्ञापन
(सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर टोंक जिले में रविवार देर रात एक कार खड़े ट्रक में जा घुसी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि अंतिम समय में चालक का कार से नियंत्रण हट गया और बड़ा हादसा हो गया। इस दुखद सड़क दुर्घटना में कोटा कोचिंग के चार छात्रों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए छात्र उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे। वे कोटा में रहकर एक कोचिंग सेंटर से इंट्रेंस एक्जाम की तैयारी कर रहे थे।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कोटा के पांच छात्रों ने रात में हरिद्वार घूमने का प्रोग्राम बनाया। टोंक में जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर रविवार देर रात उनकी कार हाईवे पर खड़े ट्रकों में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि दो छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, तीसरे छात्र की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके बाद एक और छात्र की मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार हाईवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रकों में जा घुसी। हादसे में सड़क किनारे बैठे एक चौकीदार को भी कार ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को सआदत अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
यूपी और बिहार के रहने वाले थे मृतक छात्र
पुलिस थाना सदर के एसएचओ आशाराम ने बताया, कार में सवार पांचों छात्र कोटा में एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहे थे। सभी कोटा से हरिद्वार घूमने जा रहे थे। छात्र उत्तर प्रदेश के बनारस और बिहार गया के रहने वाले थे। मृतक चौकीदार टोंक के कालीपलटन का रहने वाला था। सदर थाना पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को जानकारी दी है।
शराब के नशे में थे सभी छात्र
थाना प्रभारी आशाराम ने बताया, इन छात्रों की कार में तीन बीयर और शराब की बोतलें मिली हैं। इसके अलावा कुछ बोतलों के कांच के टुकड़े मिले हैं। संभवत: सभी छात्र शराब के नशे में थे। इनके खिलाफ टोंक के मृतक चौकीदार के बेटे ने लापरवाही पूर्वक कार चलाकर उसके पिता को मारने की रिपोर्ट दी है।