फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Kota News ›   tiger shroff firing case amitabh aamir akshay salman reconnaissance lawrence gang arrests

कोटा: अमिताभ, आमिर, अक्षय और सलमान के घरों की रेकी, फिर टाइगर को बनाया निशाना, आरोपियों ने पूछताछ में खोले राज

Wed, 21 Oct 2026 08:11 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Wed, 21 Oct 2026 08:11 AM IST
सार

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में मुंबई अपराध शाखा और कोटा पुलिस की पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी रिहान, रितिक और फूल सिंह ने बताया कि शुरुआत में अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अक्षय कुमार और सलमान खान के आवासों की रेकी की गई थी।

विज्ञापन
tiger shroff firing case amitabh aamir akshay salman reconnaissance lawrence gang arrests
टाइगर श्रॉफ गोलीकांड - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में मुंबई अपराध शाखा और कोटा पुलिस की संयुक्त पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों रिहान, रितिक और फूल सिंह ने पूछताछ में बताया कि उनके निशाने पर शुरुआत में अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे बड़े अभिनेता थे। आरोपियों ने इन सितारों के घरों के बाहर रेकी की और वहां के वीडियो बनाकर विदेश में बैठे अपने हैंडलर को भेजे थे। हालांकि, उनके आवासों पर कड़ी सुरक्षा देखकर आरोपियों ने योजना बदल दी। इसके बाद उन्होंने कम सुरक्षा वाले किसी चर्चित अभिनेता को निशाना बनाने की योजना बनाई। करीब सात दिन तक टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उनकी कार पर गोलीबारी की गई।

विज्ञापन

बड़े सितारों के घरों की रेकी के बाद बदली योजना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लॉरेंस गिरोह के गुर्गे अनिल पंडित ने करीब एक महीने पहले उन्हें मुंबई भेजा था। गिरोह के आका को खुश करने के लिए उन्होंने शुरुआत में देश के बड़े अभिनेताओं के घरों के आसपास रेकी की। इस दौरान आरोपियों ने उनके आवासों के वीडियो बनाए और विदेश में बैठे अपने हैंडलर को भेजे। हालांकि, इन घरों के बाहर पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों की कड़ी तैनाती देखकर उन्होंने अपनी योजना बदल दी। इसके बाद आरोपियों ने गूगल के जरिए टाइगर श्रॉफ के बारे में जानकारी जुटाई। उन्हें पता चला कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार शाम फुटबॉल खेलने जाते हैं और उस दौरान उनके साथ केवल एक चालक रहता है। इसके बाद आरोपियों ने लगातार सात दिनों तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी।

विज्ञापन

सेल्फी के बहाने कार के पास पहुंचने की थी योजना

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपियों की योजना सेल्फी लेने के बहाने टाइगर श्रॉफ की कार के पास पहुंचकर गोली चलाने की थी। हालांकि, रविवार को पार्क के बाहर अत्यधिक भीड़ होने के कारण आरोपियों ने दूर से ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस वारदात में शामिल उनका एक चौथा साथी घटना से एक रात पहले सिगरेट पीने के बहाने वहां से फरार हो गया था। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

हथियार पहुंचाने के आरोप में चार और गिरफ्तार

हमले की साजिश के लिए हथियार पहुंचाने के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में सोनीपत निवासी 21 वर्षीय कुणाल, 19 वर्षीय सुमित, 23 वर्षीय राधा और 23 वर्षीय बबिता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियां ट्रेन से हथियार लेकर मुंबई पहुंची थीं। वहां उन्होंने हथियार लॉरेंस गिरोह के हैंडलर को सौंपे। हथियार देने के बाद जब दोनों वापस लौट रही थीं, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मुंबई पुलिस को इन चारों आरोपियों का तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला है। कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण प्रारंभिक जानकारियां मिली हैं। इन सभी जानकारियों को मुंबई अपराध शाखा के साथ साझा कर दिया गया है। अब मुंबई अपराध शाखा मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

दसवीं के बाद घर छोड़कर गुरुग्राम चला गया था मुख्य आरोपी रेहान

पुलिस के अनुसार, टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी रेहान मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। उसने दसवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद घर छोड़ दिया था और गुरुग्राम चला गया था। वहां उसने वेल्डिंग का काम शुरू किया। इसी दौरान एक परिचित के जरिए उसका संपर्क हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित से हुआ। आरोप है कि अनिल पंडित ने उसे विदेश में बसाने का झांसा देकर गिरोह में शामिल कर लिया। इसके बाद रेहान ने अपने गांव के मित्र फूल सिंह को भी इस आपराधिक नेटवर्क से जोड़ लिया।

पहले भी व्यापारी पर हमले के लिए भेजे जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित ने पहले भी रेहान को एक व्यापारी पर हमला करने के इरादे से हथियार भेजे थे, लेकिन पुलिस ने उसे समय रहते पकड़ लिया था। इसके बाद रेहान जमानत पर रिहा हो गया। आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद अनिल पंडित ने उसे लुधियाना के एक मोमबत्ती व्यापारी पर हमला करने के लिए भेजा था। बताया गया कि व्यापारी ने रंगदारी देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, उस घटना में ऐन वक्त पर रेहान की पिस्तौल जाम हो गई थी और वह हमला नहीं कर पाया था। टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आई जानकारियों और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed