{"_id":"673e0ae432ba5d0ea503d615","slug":"kekri-news-girls-of-rajasthan-hit-target-accurately-in-national-archery-won-gold-in-team-event-2024-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kekri News: राष्ट्रीय तीरंदाजी में राजस्थान की लड़कियों ने लगाया सटीक निशाना, टीम स्पर्धा में जीता गोल्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kekri News: राष्ट्रीय तीरंदाजी में राजस्थान की लड़कियों ने लगाया सटीक निशाना, टीम स्पर्धा में जीता गोल्ड
Wed, 20 Nov 2024 09:44 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी
Published by: अरविंद कुमार
Updated Wed, 20 Nov 2024 09:44 PM IST
सार
राष्ट्रीय तीरंदाजी में राजस्थान की लड़कियों ने सटीक निशाना लगाया। टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। वहीं, व्यक्तिगत स्पर्धा में भी राधिका मील ने स्वर्ण पदक जीता है।
विज्ञापन
टीम स्पर्धा में जीता गोल्ड
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गुजरात के नाडियाड में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय स्तर की 68वीं 14 वर्षीय स्कूली छात्र-छात्रा तीरंदाजी प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम के 22 खिलाड़ियों ने देश भर के तीरंदाजों के बीच अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सटीक निशाने पर तीर चलाकर सर्वश्रेष्ठ कौशल दिखाया और टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। टीम की छात्रा राधिका मील ने भी व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड पर सटीक निशाना लगाया।
विज्ञापन
नाडियाड में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय स्तरीय 14 वर्ष छात्र-छात्रा तीरंदाजी प्रतियोगिता में इंडियन राउंड छात्रा वर्ग में राजस्थान के खिलाड़ियों ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया, जिसमें राजस्थान की छात्रा खिलाड़ी राधिका मील, लक्ष्मी चौधरी, वर्षिका चौधरी व प्रतिभा कंडारा ने कुल 2160 में से 1979 अंक प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। इसके अलावा इंडियन राउंड छात्रा वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धा में छात्रा राधिका मील ने 360 में से 344 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किया।
विज्ञापन
यह जानकारी देते हुए टीम इंचार्ज भागीरथ बगालिया ने बताया कि इसके अलावा लक्ष्मी चौधरी ने ओवर आल इंडियन राउंड छात्रा स्पर्धा में 720 में से 664 अंक प्राप्त कर चौथा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार इंडियन राउंड छात्र स्पर्धा में हर्षित ने भी कुल 360 में से 346 अंक प्राप्त कर चौथा स्थान प्राप्त किया। इंडियन राउंड टीम स्पर्धा में छात्रों की टीम पांचवे स्थान पर रही एवं रिकवर राउंड छात्र स्पर्धा में राजस्थान की टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया। इस राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए राजस्थान की टीम 17 नवम्बर को केकड़ी से गुजरात प्रांत के नाडियाड गई थी, जहां 19 व 20 नवम्बर को मुकाबले खेले गए।
विज्ञापन
प्रतियोगिता के दौरान राकेश कुमार शर्मा, वीरेंद्र प्रताप सिंह, खुशबू लक्षकार, मीना राठौर, द्वारका प्रसाद बैरवा, रामधन कुमावत और रणजीत गुर्जर टीम कोच व प्रबंधक के रूप में टीम में शामिल थे। सभी ने गोल्ड मेडल अर्जित करने पर टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी हमेशा राजस्थान का नाम रोशन करते रहने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने जिन खिलाड़ियों को मेडल नहीं मिला, उनसे कहा कि वे और अधिक मेहनत से अगले साल की तैयारी करने के लिए संकल्पित हो जाएं।
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता के लिए यहां राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केकड़ी ग्रामीण (रामनगर ) में 11 व 12 नवंबर को चयन शिविर लगाया गया था, जिसमें सर्वोत्तम प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की विभिन्न स्कूलों के 22 छात्र-छात्रा खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन किया गया था। टीम के गठन के बाद केकड़ी में 13 से 16 नवंबर तक इन खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया गया।