{"_id":"685e88c10581f366b40d6df5","slug":"on-gupt-navratri-proper-ghat-establishment-in-jasoldham-worship-of-maa-shailputri-with-vedic-chanting-jaisalmer-news-c-1-1-noi1407-3105543-2025-06-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Balotra: गुप्त नवरात्रि पर जसोलधाम में विधिवत घट स्थापना, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां शैलपुत्री की हुई पूजा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Balotra: गुप्त नवरात्रि पर जसोलधाम में विधिवत घट स्थापना, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां शैलपुत्री की हुई पूजा
Fri, 27 Jun 2025 06:26 PM IST
जैसलमेर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोतरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोतरा
Published by: जैसलमेर ब्यूरो
Updated Fri, 27 Jun 2025 06:26 PM IST
सार
गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर संस्थान द्वारा जसोल ग्राम के सर्व समाज की कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। उन्हें फल, प्रसाद, दक्षिणा अर्पित की गई और अन्न प्रसाद का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया।
विज्ञापन
शक्ति पीठ जसोलधाम में गुप्त नवरात्रि पर विशेष अनुष्ठान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के सुप्रसिद्ध एवं विश्वविख्यात धार्मिक स्थल शक्ति पीठ श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल (जसोलधाम) में गुप्त नवरात्रि महापर्व का शुभारंभ धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक विधि विधान से किया गया। पहले दिन घट स्थापना के साथ मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर संस्थान समिति सदस्य कुंवर हरिश्चंद्र सिंह जसोल ने समस्त भक्तों की मनोकामना पूर्ति हेतु संकल्प के साथ विधिपूर्वक पूजा संपन्न करवाई।
विज्ञापन
पूजन में कलश स्थापना, गौरी-गणेश पूजन, षोडश मात्रिका, चतुषष्ठी योगिनी, नवग्रह, वास्तु, वरुण, शंखघट एवं क्षेत्रपाल पूजन के साथ ही श्री महाकाली, श्री महालक्ष्मी एवं श्री सरस्वती के विशेष पूजन किए गए। वैदिक मंत्रोच्चार जैसे गणानां त्वा गणपतिं, नमस्ते रुद्र मन्यव, त्रिपुरांतकारी, अम्बे अंबिका आदि की गूंज से मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
विज्ञापन
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां शैलपुत्री पूर्वजन्म में सती थीं, जिन्होंने अपने पिता दक्ष प्रजापति के यज्ञ में भगवान शिव के अपमान के विरोध में आत्मदाह किया था। पुनर्जन्म में वे हिमालयराज के घर जन्मी और कठोर तप कर शिव को पुनः पति रूप में प्राप्त किया। इनका वाहन वृषभ (बैल), दाहिने हाथ में त्रिशूल और बाएं में कमल होता है। वे श्वेत वस्त्रों में सुशोभित होती हैं और शांत, सौम्य तथा दिव्य स्वरूप की प्रतीक मानी जाती हैं।
विज्ञापन
पढे़ं: उदयपुर के एक अधिवक्ता की हुई मौत, अलकनंदा नदी से शव हुआ बरामद; चार लोग अभी भी लापता
कन्याओं का पूजन एवं अन्न प्रसाद वितरण
गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर संस्थान द्वारा जसोल ग्राम के सर्व समाज की कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। उन्हें फल, प्रसाद, दक्षिणा अर्पित की गई और अन्न प्रसाद का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया।
भक्ति भाव में डूबा जसोलधाम
गुप्त नवरात्रि के शुभारंभ पर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर वातावरण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री राणी भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी एवं श्री काला-गौरा भैरव जी के मंदिरों में धोक लगाने पहुंचे। भक्ति से ओतप्रोत माहौल में धूप, दीप, और शंखध्वनि की गूंज हर भक्त को आध्यात्मिक भाव में डूबो रही थी। गुप्त नवरात्रि के चलते आगामी नौ दिनों तक मंदिर परिसर में विविध पूजन, हवन, पाठ एवं भजन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाले भक्तगण भाग लेंगे।